(05 अगस्त 2022)उत्तराखंड
देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी
की बहुप्रतीक्षित राजनीतिक मामलों की समिति का गठन किया गया है।
समिति में प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत 14 सदस्य बनाए गए हैं। फ्रंटल संगठनों के अध्यक्ष विशेष आमंत्रित सदस्यों में सम्मिलित किए गए हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की स्वीकृति के बाद मंगलवार को पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन केसी वेणुगोपाल ने समिति के गठन का आदेश जारी किया।
समिति में प्रदेश में 19 में से पांच विधायकों को स्थान मिला
प्रदेश में पांचवें विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के बुरी तरह पराजित होने के बाद कांग्रेस हाईकमान ने कड़ा कदम उठाते हुए बीते मार्च माह में ही तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल से इस्तीफा लिया था। इसके बाद प्रदेश संगठन की कमान करन माहरा और कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता का दायित्व यशपाल आर्य को सौंपा गया।
इसके बाद से ही प्रदेश में राजनीतिक संतुलन साधने के लिए राजनीतिक मामलों की समिति गठित करने के संकेत दिए गए थे। पांच माह बीतने के बाद पार्टी हाईकमान ने यह कदम उठाया है। समिति में प्रदेश में 19 में से पांच विधायकों को स्थान मिला है।
प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, करन माहरा, यशपाल आर्य, हरीश रावत के साथ ही उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह और गणेश गोदियाल समिति में सम्मिलित हैं।
इसके अतिरिक्त पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात, बदरीनाथ विधायक राजेंद्र सिंह भंडारी, राष्ट्रीय सचिव काजी निजामुद्दीन, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी के साथ युवा चेहरों वैभव वालिया और इशिता सेढ़ा को समिति में स्थान मिला है।
महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस व एनएसयूआइ के प्रदेश अध्यक्ष और सेवा उत्तराखंड के मुख्य संगठक को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। राजनीतिक समिति में गढ़वाल व कुमाऊं के पर्वतीय क्षेत्रों के साथ ही हरिद्वार व ऊधमसिंहनगर से भी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है

इस्लाम हुसैन
संपादक – कुमाऊँ मिडडे
प्रधान कार्यालय – हुसैन मंजिल, निकट लकडी मंडी चोहरा- जसपुर (उधम सिंह नगर) उत्तराखंड, पिन- 244712
संपर्क – 8279368237, 9412036910
ईमेल – kumaonmidday@gmail.com










Leave a Reply