रुद्रपुर:सात यूबको से विदेश में नौकरी के नाम पर ठगे पांच लाख, दो पर केस दर्ज

रुद्रपुर। सात युवकों को वर्क वीजा पर मुस्लिम देशों में नौकरी लगाने के नाम पर एक व्यक्ति पांच लाख रुपये लेकर भाग गया। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपी और उसके साथी पर केस दर्ज किया है।वार्ड नंबर 17 खेड़ा निवासी मोहम्मद कामिल ने एसएसपी को दिए प्रार्थनापत्र में कहा कि वह ग्राफिक्स डिजाइनिंग का कार्य करता है। बाजार में ऑफिस खोलने के लिए दुकान की तलाश करने के दौरान उसकी मुलाकात ब्रिटिश इंस्टीट्यूट के संचालक नवीन त्यागी निवासी मुख्य बाजार, भल्ला मेडिकल वाली गली से हुई थी। उनके बीच ब्रिटिश इंस्टीट्यूट के कॉलोबेशन में ऑफिस खोलने के लिए जगह की बात फाइनल हुई थी। वह इसका आधा किराया चार हजार रुपये नवीन त्यागी को भुगतान करता था। उसने ऑफिस बनाने में तीन लाख रुपये खर्च किए थे।
नवीन त्यागी ने उसकी मुलाकात विजन वर्ल्ड कंपनी के सीईओ के रूप में रंजीत सिंह से कराई थी। रंजीत ने विदेश में नौकरी लगवाने के लिए संपर्क करने के लिए कहा था। उसने पहचान के लोगों की मुलाकात नवीन त्यागी और रंजीत सिंह से कराई थी। नवीन ने विदेश भेजने की बात कही थी और रंजीत सिंह ने प्रक्रिया बताई थी। उन्होंने पहचान के लोगों के पांच लाख रुपये नवीन के कहने पर रंजीत के खाते में डाल दिए थे। इसमें अजरबैजान के लिए किच्छा के तीन और बिलासपुर का एक और सऊदी अरब के लिए रामपुर के तीन लोगों को जाना था। इन लोगों के रुपये लेकर रंजीत रात भाग गया। वह ब्रिटिश इंस्टीट्यूट के ऊपर की तीसरी मंजिल पर रहता था। ब्रिटिश इंस्टीट्यूट चला रहे नवीन त्यागी उसको भगाने में शामिल था। कहा कि सात लोग आए दिन घर पर गालीगलौज कर उसे जान से मारने की धमकी देते हैं। उसने नवीन से संपर्क किया तो उसने पल्ला झाड़ लिया। उसका घर से निकलना मुश्किल हो गया है। नवीन त्यागी ने अपना ऑफिस ट्रांजिट कैंप में खोल दिया है। उसने बाजार और अन्य जगहों पर अंग्रेजी बोलने और विदेश में नौकरी लगवाने के लिए संपर्क करने के पोस्टर लगवाए हैं। पुलिस ने दोनों पर केस दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *