संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की मौत,परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

काशीपुर। एक फार्म हाउस में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।

सूचना पर पहुंची पुलिस से भी धक्कामुक्की हुई। परिजनों की मांग पर पुलिस ने मौत का सही कारण जानने के लिए डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराने की बात मान ली और शव काे हल्द्वानी भेज दिया।कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम करनपुर निवासी राहुल (32) पुत्र सूरज पाल ड्राइवरी और मेहनत-मजदूरी का काम करता था। राहुल के भाई संजय ने बताया, उसके भाई ने उसको फोन करके कहा था कि प्रगट सिंह पन्नू व कश्मीर सिंह पन्नू उसे अपने घर बुला रहे हैं। उसे वहां जाने से मना किया गया लेकिन फिर भी वह पन्नू के फार्म हाउस पर पहुंच गया। कुछ देर बाद हरकेवल सिंह निवासी केलामोड़ भरतपुर उनके घर आया। उसने बताया कि राहुल को प्रगट और कश्मीर के घर पर अटैक आ गया है। उनके घर जाकर देखा तो राहुल सोफे पर बेहोश पड़ा हुआ था। उसके मुंह से खून निकल रहा था। आसपास सामान बिखरा पड़ा हुआ था। काफी कहने के बाद प्रगट सिंह डॉक्टर के पास राहुल को ले जाने के लिए राजी हो गया।
परिजनों ने पहले गढ़ीनेगी में एक निजी डॉक्टर को दिखाया इसके बाद कार से मुरादाबाद रोड स्थित तीन-चार निजी अस्पतालों में ले गए। डॉक्टरों ने जांच के बाद राहुल को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वे शव लेकर घर आ गए। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई और किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में पंचनामा भरने के दौरान परिजनों की पुलिस से बहस और धक्कामुक्की भी हो गई। परिजन इस बात पर अड़ गए कि पहले आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करें उसके बाद ही पोस्टमार्टम होगा।
परिजनों का आरोप है कि राहुल के हाथ के नाखून, हाथ व गले के पास नीले निशान पड़े हुए हैं। कुंडा थाना प्रभारी हरेंद्र चौधरी ने बताया कि परिजनों के कहने पर पैनल से पोस्टमार्टम हल्द्वानी कराने के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *