एक दशक में खेल और खिलाड़ियों के प्रति समाज की सोच में आया बड़ा बदलाव:रेखा आर्य

जसपुर। प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि बीते एक दशक में खेल और खिलाड़ियों के प्रति समाज की सोच में बड़ा बदलाव आया है। पहले खेल को कॅरियर के रूप में नहीं देखा जाता था। अब लोग इसके प्रति रूचि रख रहे हैं। गुरुवार को खेल मंत्री रेखा आर्या ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल स्कूल में सीबीएसई नॉर्थ जोन क्रिकेट प्रतियोगिता के शुभारंभसमारोह में बोल रही थीं। उन्होंने प्रतियोगिता की शुरुआत रिबन काटकर की। किक्रेट की एक बॉल को भी खेला। उन्होंने कहा कि अब युवा खेल में प्रतिभा दिखाकर अपने भविष्य को संवार रहे हैं। दावा किया कि खिलाड़ियों को बढ़ावा देने में प्रदेश सरकार हमेशा आगे रही है।और राज्य के लिए पदक जीतने पर सीधे सरकारी नौकरी देने का प्रावधान किया। अब 36 खिलाड़ियों को नौकरी दी जा चुकी है। कहा कि पहले मूलभूत सुविधाओं की मांग की जाती थी। अब समाज की सोच बदलने से हर जगह से स्टेडियम और खेल मैदान बनाने की आवाज उठने लगी है। उन्होंने जसपुर में सीएम की घोषणा स्टेडियम पर जल्द ही परिणाम आने की बात कही। उन्होंने खिलाड़ियों से ओलंपिक में भाग लेकर प्रदेश का नाम रोशन करने को कहा। बता दें कि प्रतियोगिता में 120 स्कूलों के 14, 17, 19 वर्ष के 2000 से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इससे पहले स्कूल संस्थापक सुनील कंबोज, सुमित कंबोज, अमित कांबोज, प्रधानाचार्य मधु शर्मा ने कैबिनेट मंत्री को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। यहां भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल, काशीपुर विधायक त्रिलोक चीमा, पुष्कर काला, राजकुमार चौहान, हरजीत सहोता, डॉ. रवि, एमएस भंडारी, विशाल, शुभम कांबोज, सोनाली कांबोज, ललिता कांबोज, सूर्या, उमा, ममता, बीना, सुनीता आदि रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *