हरिद्वार में करंट फैलने की अफवाह से मची भगदड़, छह श्रद्धालुओं की मौत, 30 घायल
मनसा देवी मंदिर परिसर में मचा हड़कंप, मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक और कहा— “स्थिति पर रखी जा रही है लगातार निगरानी”
सावन रविवार की सुबह हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर मार्ग पर करंट फैलने की अफवाह ने भीड़ को इतना विचलित कर दिया कि भगदड़ मच गई। अफरा-तफरी में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो गए।
यह हादसा उस समय हुआ जब भारी संख्या में श्रद्धालु मंदिर की ओर बढ़ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोगों ने दीवार के सहारे ऊपर चढ़ने की कोशिश की, तभी एक बिजली के खंभे में हल्की स्पार्किंग दिखाई दी। इसी दौरान किसी ने शोर मचा दिया कि करंट फैल गया है। अफवाह इतनी तेज़ी से फैली कि देखते ही देखते श्रद्धालुओं की भीड़ में भगदड़ की स्थिति बन गई।
श्रद्धालु जान बचाने के लिए इधर-उधर दौड़ने लगे। भगदड़ के दौरान कई लोग गिरकर कुचले गए। आसपास अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।
प्रशासन सक्रिय, एसएसपी मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी परमेन्द्र सिंह डोबाल स्वयं मौके पर पहुंचे। पुलिस बल, प्रशासनिक टीम और राहत दलों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को ₹2-2 लाख और घायलों को ₹50-50 हजार की सहायता देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री धामी ने जिलाधिकारी को मजिस्ट्रियल जांच के आदेश और भीड़ प्रबंधन की गहन समीक्षा के निर्देश दिए हैं।
CM ने कहा कि एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस तथा अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं।”
मुख्यमंत्री धामी ने यह भी कहा कि वे स्वयं स्थानीय प्रशासन के लगातार संपर्क में हैं और स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने “माता रानी से सभी श्रद्धालुओं के सकुशल होने की प्रार्थना भी की।”
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
FIR भी होगी दर्ज
आपदा प्रबंधन सचिव विनोद सुमन ने बताया कि 5 गंभीर घायलों को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है, जबकि 23 अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

इस्लाम हुसैन
संपादक – कुमाऊँ मिडडे
प्रधान कार्यालय – हुसैन मंजिल, निकट लकडी मंडी चोहरा- जसपुर (उधम सिंह नगर) उत्तराखंड, पिन- 244712
संपर्क – 8279368237, 9412036910
ईमेल – kumaonmidday@gmail.com












Leave a Reply