काशीपुर:नही ख़त्म हुआ तेंदुआ खौफ!

काशीपुर। गोविषाण टीले को लगभग दो साल पहले तेंदुए के कुनबे ने अपना आश्रय बना लिया था। अब तक यहां पर दो तेंदुए पकड़ने और दो की मृत्यु होने के बाद अब एक और तेंदुआ दिखाई देने से डर कम नहीं हो रहा है। 15-16 दिन पहले टीला क्षेत्र में वन विभाग ने पिंजरा भी लगा दिया था।

बाजपुर रोड स्थित गोविषाण टीला क्षेत्र में पहले क्षेत्रवासी मॉर्निंग और ईवनिंग वॉक करने जाते थे। लगभग दो साल पहले इस क्षेत्र में तेंदुए का कुनवा दिखाई देने के बाद इस क्षेत्र को वन विभाग ने अपनी देखरेख में लिया और मुख्य गेट पर ताला लगाया। शहरवासियों ने भी यहां आना-जाना बंद कर दिया और अब लोग तीर्थ द्रोणासागर परिसर में ही मॉर्निंग और इवनिंग वॉक करने आते हैं। बीते दिनों टीले से बाहर आया और तेंदुआ एक व्यक्ति की बछिया को उठाकर ले गया था। घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद होने के बाद से लोगों में डर कम नहीं हो रहा है। इससे पहले टीले से दो तेंदुए को वन विभाग पिंजरा लगाकर पकड़ चुका है और एक तेंदुए के बच्चे की टीला में लगी ग्रिल में फंस कर और एक तेंदुए की टीला के बाहर एक कॉलोनी में ट्रांसफामर की चपेट में आकर मौत हो चुकी है।काशीपुर वन विभाग रेंज के रेंजर देवेंद्र सिंह रजवार ने बताया कि टीला क्षेत्र में तेंदुआ दिखाई देने के बाद लगभग 15-16 दिन पहले विभाग ने एक पिंजरा लगाया था। इसमें अभी तक तेंदुआ कैद नहीं हो सका है। हालांकि वन विभाग की टीम सुबह-शाम टीला पर गश्त करने जाती है। अभी तक तेंदुआ दिखाई नहीं दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *