उधम सिंह नगर पुलिस ने ढोंगी बाबा को किया गिरफ्तार

कालेश्वर बन बीमारी दूर करने का झांसा देने वाला महमूद गिरफ्तार

लोगों को ठगने और युवतियों से करता था अश्लील हरकत

, रुद्रपुरः सनातन धर्म की आड़ में लोगों को ठगने और युवतियों की बीमारी छूकर दूर करने तथा उनके साथ अश्लील हरकत करने वाले महमूद से कालेश्वर बने कालनेमि को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि बीते दिनों बाजपुर के चौकी दोराहा से एक महिला ने शिकायत की थी कि उसकी दो बेटियां लंबे समय से बीमार थीं। कई डाक्टरों से इलाज कराने के बावजूद जब उनकी तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ तो पूरा परिवार मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हो चुका था। इसी बीच एक परिचित ने उन्हें कालेश्वर नाम के व्यक्ति के बारे में बताया। इस पर वह उसके पास गए तो वह स्वयं को सिद्ध तांत्रिक और चमत्कारी बाबा बताने लगा। उसने उसकी दोनों पुत्रियों को अलग-अलग कमरों में बुलाया। दावा किया कि वह उनकी बीमारी को छूकर ठीक कर देगा। इसी बहाने उसने दोनों बेटियों के साथ अभद्र हरकतें कीं। दोनों ने घबराकर उसे पूरी घटना बताईं, जिसके बाद उसने पुलिस को सूचित किया। मामले में पुलिस ने जांच की तो पता चला कि आरोपित कालेश्वर नहीं बल्कि बाजपुर कनौरा गांव में रहने वाला महमूद है। इस पर पुलिस ने आरोपित महमूद के विरुद्ध पाक्सो एक्ट में प्राथमिकी पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी थी। सोमवार को पुलिस ने आरोपित महमूद को दोराहा चौकी से 200 मीटर आगे रामपुर रोड पर से गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपित लोगों को फंसाने के लिए एक सुनियोजित रणनीति का इस्तेमाल करता था। इसके लिए उसने अपना हिंदू नाम रखा था। ताकि लोगों को उस पर विश्वास हो जाए।

उत्तराखंड से उत्तर प्रदेश तक फैलाया था जाल

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि महमूद बेहद शातिर है। वह पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलता रहता था। एक जगह पर ज्यादा दिन नहीं ठहरता था। वह अलग-अलग इलाकों और जिलों में घूम-घूमकर नए शिकार की तलाश करता था। उसका तांत्रिक का नेटवर्क केवल उत्तराखंड तक ही सीमित नहीं था, बल्कि उत्तर प्रदेश के पीलीभीत, बरेली और मुरादाबाद में भी फैला हुआ था। पुलिस अब इन जगहों पर भी जांच कर रही है ताकि उसके शिकार अन्य पीड़ितों का पता लगाया जा सके। महमूद कुछ साल पहले तक फैक्ट्री में काम किया करता था। इस दौरान वह पीर-मजार में जाया करता था। जहां उसने लोगों की श्रद्धा देखकर ढोंगी बाबा बनने की योजना बनाई। जिसके तहत उसने पहले अपना नाम बदला, फिर उसके बाद लोगों के सामने स्वयं को सिद्ध तांत्रिक और चमत्कारी बाबा बताकर पेश करता था।

गरीब को बनाता था निशाना

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार कालनेमि महमूद उन परिवारों को निशाना बनाता था जो किसी बीमारी, गरीबी या पारिवारिक समस्या से जूझ रहे होते थे। महमूद उनकी इस भावनात्मक कमजोरी का फायदा उठाता था। वह सिर्फ झाड़-फूंक का ढोंग नहीं करता था, बल्कि वह सम्मोहन शक्ति का उपयोग भी करता था। वह पीड़ितों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *