किसी भी आपात स्थिति से निपटने को रहें तैयार
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा की दृष्टि को मद्देनजर रखते हुए अधिकारियों को आगामी कुछ दिनों तक ज्यादा सावधानी बरतने के निर्देश जारी किये हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने शनिवार को प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में चलाए जा रहे राहत व बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने आपदा की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों एवं खतरे की संभावना वाले क्षेत्रों में जान-माल की सुरक्षा के लिए सभी एहतियाती कदम उठाए जाने और आपदा प्रभावितों को तत्परता से हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने राज्य में अगले कुछ दिनों के लिए मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन तंत्र निरंतर तैयार रहे।
मुख्यमंत्री ने आपदा परिचालन केंद्र से जुड़े उच्चाधिकारियों और सभी जिलों के जिलाधिकारियों से आपदा प्रभावित इलाकों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। कहा कि आपदा पर किसी का जोर नहीं है, लेकिन प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव टीमें तुरंत ग्राउंड जीरो पर पहुंच कर सराहनीय कार्य कर रही हैं। सभी विभाग निरंतर इसी तरह की तत्परता एवं बेहतर समन्वय के साथ प्रभावितों की मदद में जुटे रहें। उन्होंने अवरुद्ध सड़कों को जल्द खोलने, पानी तथा विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों ने विगत दिनों में घटित आपदा में क्षति की भी जानकारी ली।
नदी-नालों के किनारे न हो पाए अतिक्रमण
मुख्यमंत्री धामी ने नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों की सुरक्षा के निर्देश देते हुए कहा कि नदियों के जल स्तर पर निगरानी रखी जाए। खतरे की आशंका होने पर नदी के आसपास रहने वाले लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाए। नदी-नालों के किनारों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण नहीं होना चाहिए।
मौसम ठीक होते ही बढ़ेंगे चारधाम यात्री
सीएम ने कहा कि बारिश कम होते ही चार धाम यात्रियों की संख्या में वृद्धि होगी। सड़कों के सुधार एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरस्त किया जाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। समय से आवश्यक कार्य संपन्न करा लिए जाएं।

इस्लाम हुसैन
संपादक – कुमाऊँ मिडडे
प्रधान कार्यालय – हुसैन मंजिल, निकट लकडी मंडी चोहरा- जसपुर (उधम सिंह नगर) उत्तराखंड, पिन- 244712
संपर्क – 8279368237, 9412036910
ईमेल – kumaonmidday@gmail.com












Leave a Reply