12 सितंबर को उपराष्ट्रपति का पद ग्रहण करेंगे सीपी राधाकृष्णन, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दिलाएंगी शपथ

दिल्ली।VP Election 2025: देश के नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति सीपी

राधाकृष्णन 12 सितंबर को शपथ लेंगे। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को राधाकृष्णन को शपथ दिलाएंगी। यह शपथ ग्रहण समारोह 12 सितंबर को राष्ट्रपति भवन में एक औपचारिक आयोजन में होगा। राधाकृष्णन ने मंगलवार को हुए उपराष्ट्रपति चुनाव में संयुक्त विपक्षी उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी को हराकर जीत हासिल की। यह चुनाव पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के 21 जुलाई को अचानक इस्तीफे के बाद आयोजित किया गया था।

एनडीए उम्मीदवार राधाकृष्णन को मंगलवार को भारत के 15वें उपराष्ट्रपति के रूप में चुना गया। उन्हें 452 वोट प्राप्त हुए, जबकि विपक्षी उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले। राज्यसभा के महासचिव और निर्वाचन अधिकारी पीसी मोदी ने परिणाम घोषित करते हुए बताया कि 781 सांसदों में से 767 ने मतदान किया, जिससे 98.2 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। इनमें 752 मत वैध और 15 अवैध थे, जिसके कारण प्रथम वरीयता के मतों के लिए आवश्यक बहुमत 377 रह गया। एनडीए को कागजों पर 427 सांसदों का समर्थन था, लेकिन वाईएसआरसीपी के 11 सांसदों ने भी राधाकृष्णन का साथ दिया। दिलचस्प बात यह है कि एनडीए उम्मीदवार को अपेक्षा से 14 वोट अधिक मिले, जिससे विपक्षी खेमे में क्रॉस वोटिंग की अटकलें शुरू हो गईं।परिणामों की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने

सीपी राधाकृष्णन को बधाई दी और विश्वास जताया कि नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति भारत के संवैधानिक मूल्यों को और मजबूत करेंगे तथा संसदीय संवाद में सकारात्मक योगदान देंगे। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि थिरु सीपी राधाकृष्णन को 2025 के उपराष्ट्रपति चुनाव में जीत के लिए बधाई। उनका जीवन हमेशा समाज सेवा और गरीबों व हाशिए पर पड़े लोगों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित रहा है। मुझे विश्वास है कि वह एक उत्कृष्ट उपराष्ट्रपति होंगे, जो हमारे संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करेंगे और संसदीय संवाद को बढ़ावा देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *