कृषि मंत्री गणेश जोशी ने पंतनगर में किसान सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा कार्यक्रम स्थल का भी किया निरीक्षण

किसानों के लिए ऐतिहासिक अवसर, सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी होंगे शामिल

रुद्रपुर, 06 नवम्बर। उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित रजत जयंती समारोह के अंतर्गत 7 नवम्बर को गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित होने वाले भव्य किसान सम्मेलन की तैयारियों को लेकर आज सूबे के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने पंतनगर में अधिकारियों के साथ बैठक की और कार्यक्रम स्थल का भी स्थलीय निरीक्षण किया।

बैठक के दौरान कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन राज्य के किसानों के लिए एक ऐतिहासिक अवसर होगा, जिसमें प्रदेश के किसान नई कृषि तकनीकों, योजनाओं और नवाचारों से परिचित होंगे। इसके उपरांत मंत्री गणेश जोशी ने विश्वविद्यालय परिसर स्थित स्टेडियम में जाकर मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग और यातायात की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण रूप से पूरे किए जाएं। कृषि मंत्री जोशी ने कहा कि किसान सम्मेलन का आयोजन कृषि, उद्यान, ग्राम्य विकास, मत्स्य, डेयरी, सहकारिता, पशुपालन, मंडी परिषद तथा पंतनगर विश्वविद्यालय के संयुक्त समन्वय से किया जा रहा है। इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रगतिशील किसान और बड़ी संख्या में कृषक भाग लेंगे।

मंत्री जोशी ने कहा कि यह सम्मेलन प्रदेश के किसानों के लिए न केवल एक प्रेरक मंच बनेगा, बल्कि राज्य के कृषि विकास की दिशा में नई ऊर्जा भी प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।उन्होंने कहा कि सम्मेलन में लगभग 20 से 25 हजार प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। सम्मेलन को भव्य स्वरूप देने के लिए कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की वृहद प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, आधुनिक उपकरण, गुणवत्तापूर्ण बीज, नवीन कृषि पद्धतियों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

कृषि मंत्री ने सभी विभागीय अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने, स्थल की साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था और अतिथियों के स्वागत की तैयारियाँ सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर सचिव कृषि एस.एन. पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शशनी, निदेशक कृषि परमाराम, निदेशक बागवानी मिशन महेंद्र पाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *