डंपर की चपेट में आकर युवक की मौत के बाद बवाल, हाईवे पर जाम

लोगों ने डंपर में की तोड़फोड़, गुस्साई भीड़ को पुलिस ने लाठियां भांजकर खदेड़ा

रुद्रपुर,। सोमवार देर रात नेशनल हाईवे 74 पर गाबा चौक से कुछ दूरी पर एक डंपर ने सड़क पर गिरे बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर गुस्साई भीड़ ने डंपर में तोड़फोड़ कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठियां भांजी। करीब आधे घंटे तक हाईवे पर हंगामा होता रहा।

जानकारी के मुताबिक, रुद्रपुर के रम्पुरा निवासी बबलू गल्ला मंडी में काम करता था और देर शाम काम से बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान एक तेज गति से आते डंपर ने इसे बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने पीछा कर दम डंपर को रोक लिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर बाजार चौकी प्रभारी जितेन्द्र खत्री मौके पर पहुंचें। भीड़ में हादसे को लेकर जबरदस्त आक्रोश था और मौके पर हंगामा खड़ा हो गया। इस बीच गुस्साए कुछ लोगों ने पुलिस की मौजूदगी में ही डंपर में तोड़फोड़ कर दी। मौके पर जुटी भीड़ के चलते हाईवे पर जाम लग गया। स्थिति नियंत्रण से बाहर जाते देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए लाठियां भांजकर भीड़ को खदेड़ दिया। करीब आधे घंटे के बाद पुलिस ने हालात पर काबू पाया। इस दौरान ओवरलोड वाहनों के खिलाफ लोगों में जबरदस्त आक्रोश दिखा। लोगों का कहना था कि ओवरलोड वाहनों के चलते आए दिन हादसे में लोग अपनी जान गवां रहे हैं, लेकिन पुलिस, प्रशासन और परिवहन विभाग इन पर नकेल कसने में पूरी तरह नाकाम साबित हुआ है। वहीं इस संबंध में चौकी प्रभारी का कहना था कि आरोपी चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।

ओवरलोड डंपर बने जानलेवा, अब तक 40 मौतें : ऊधमसिंह नगर जिले में जनवरी से नवंबर 2025 के बीच ओवरलोड डंपरों और कैंटर जैसे भारी वाहनों से जुड़े करीब 45 से 50 सड़क हादसे दर्ज किए गए। इन हादसों में अब तक करीब 40 लोगों की जान जा चुकी है।

पूर्व विधायक ठुकराल ने प्रशासन पर उठाए सवाल
वहीं घटना की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनाक्रम की जानकारी ली और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। ठुकराल ने कहा कि वह लंबे समय से ओवरलोड डंपरों के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं, लेकिन प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है। उन्होंने प्रशासन से ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *