Advertisement

कल्याणी नदी को प्रदूषणमुक्त बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने किया स्थलीय निरिक्षण

रूद्रपुर 08 जनवरी, 2026 – कल्याणी नदी को प्रदूषणमुक्त बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सिडकुल पंतनगर में स्थापित इएसटीपी प्लान्ट व रॉकेट इण्डिया प्रा.लि. में स्थापित एसटीपी प्लांट का स्थलीय निरीक्षण कर मौके पर ही पानी के सैम्पल भरवाये व परीक्षण हेतु लैब में भेजने के निर्देश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी को दिये।
जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को सख्त निर्देश दिये कि यदि बिना ट्रीट किये पानी को कल्याणी या अन्य नदियों में छोड़ा जाता पाया गया तो कठोर कार्यवाही अमल में लायी जायेगी। उन्होने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को कम्पनियों में सीईटीपी/ईटीपी लाइन स्थापित किये जाने व प्रदूषित जल नदियों में न निस्तारित किये जाने संबन्धित जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश पूर्व में दिये गये थे जो आतिथि तक नही प्रस्तुत की गयी है। उन्होने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अधिकारियो को कम्पनियों में इएसटीप/इटीपी लाइन स्थापित किये जाने व उसके उपरांत दूषित/रसायनिक जल निस्तारण कि सम्बन्ध में सुस्पष्ट जांच रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। सिडकुल क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान सिडकुल डाल के पास सिडकुल क्षेत्र में जगह-जगह कूड़ा व गन्दगी पाये जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल कूड़े की सफाई कराने के निर्देश नगर आयुक्त को दिये तथा आरएम सिडकुल को नोटिस भेजने के निर्देश नगर आयुक्त को दिये।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कल्याणी नदी उद्गम स्थल पत्थर चट्टा, सिडकुल प्रारम्भिक स्थल, सिडकुल का अन्तिम स्थल अटरिया पुल व शहर के अन्तिम छोर यूपी बार्डर पर कल्याणी नदी के पानी के सैम्पल जांच कराने के निर्देश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी को दिये।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी गौरव पाण्डेय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एसपी सिंह, तहसीलदार दिनेश कुटौला आदि मौजूद थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *