सिंचाई विभाग नई टिहरी का अधिशासी अभियंता निलंबित

निर्माणाधीन बासर नहर परियोजना के भुगतान में अनियमितता बरतने का आरोप

देहरादून, 28 जनवरी टिहरी गढ़वाल में निर्माणाधीन बाहर नहर परियोजना में निर्गत कार्य आदेशों एवं भुगतान में वित्तीय अनियमितता बरतने के मामले में शासन ने सिंचाई खंड नईटिहरी के अधिशासी अभियंता अनूप कुमार ड्यूंड़ी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित अभियंता को फिलहाल हरिद्वार में मुख्य अभियंता कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।

सिंचाई सचिव युगल किशोर पंत की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि नई टिहरी सिंचाई खंड के अधिशासी अभियंता अनूप कुमार ड्यूडी ने निर्माणाधीन बाहर नहर परियोजना की रीच में जारी कार्य आदेशों एवं भुगतान में गंभीर वित्तीय अनियमितता बरती। अभियंता के खिलाफ जिलाधिकारी टिहरी को शिकायत दर्ज कराई गई थी। जिलाधिकारी द्वारा करायी गई प्रारंभिक जांच में अधिशासी अभियंता द्वारा वित्तीय अनियमितता बरते जाने की बात सामने

आयी। जांच रिपोर्ट को जिलाधिकारी ने शासन भेजा। रिपोर्ट में बताया गया कि अधिशासी अभियंता द्वारा योजना के लिए जारी स्टांप की तिथि से पूर्व कार्य आदेश निर्गत करना, कार्य की मूललागत को टुकड़ों में बांटकर अलग-अलग कार्य आदेश जारी करना, समान प्रकृति के कार्यों के लिए अलग-अलग कार्य आदेश जारी करना तथा अपर सहायक अभियंता एवं अधिशासी अभियंता द्वारा ठेकेदार के साथ कूट संधि कर वित्तीय अनियमितता की गई। जो राज्य कर्मचारियों की आचरण नियमावली 2002 का उल्लंघन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *