कार्निवाल सरस आजीविका मेला मे जागरूकता कार्यक्रम योग का आयोजन हुआ

रुद्रपुर, दिनांक: 22 फरवरी 2026 जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशन में यूएस कार्निवाल सरस आजीविका मेला-2026 में रविवार (नवाँ दिन) को फिट इंडिया अभियान के तहत युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से विविध स्वास्थ्यवर्धक एवं जागरूकता कार्यक्रम योग का आयोजन जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. आलोक शुक्ला के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित योग सत्र में समाज के विभिन्न वर्गों की उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिली। माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल एवं श्री गुरुनानक स्कूल के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ पी.ए.सी. की 31वीं एवं 46वीं बटालियन के जवानों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कुल 275 प्रतिभागियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल एवं प्रभावशाली बनाया।

इसके उपरांत युवा कल्याण अधिकारी बी एस रावत के निर्देशन में पारंपरिक भारतीय खेल मलखंभ का आकर्षक एवं रोमांचकारी प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया। इस प्रस्तुति में कुल 45 प्रतिभाशाली बच्चों ने सहभागिता की, जिनमें 13 बालिकाएं एवं 32 बालक शामिल रहे। सितारगंज एवं खटीमा क्षेत्र के बच्चों द्वारा प्रदर्शित संतुलन, लचीलापन एवं साहसिक कौशल ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की ऊर्जा, अनुशासन एवं समर्पण ने कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह की विशेष सराहना प्राप्त की। इस प्रकार के आयोजन युवाओं को पारंपरिक खेलों से जोड़ने के साथ-साथ उनके समग्र शारीरिक एवं मानसिक विकास को भी प्रोत्साहित कर रहे हैं।

कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC), ऊधम सिंह नगर द्वारा छात्र-छात्राओं एवं आम जनमानस को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने हेतु एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन भी किया गया। कार्यशाला का संचालन जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्री हेमन्त मौर्य के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, साइबर अपराधों की पहचान, सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विशेषज्ञों द्वारा आमजन से अपील की गई कि वे किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या संदेश से सतर्क रहें एवं अपनी गोपनीय जानकारी अनजान व्यक्तियों के साथ साझा न करें।

इस अवसर पर प्रतिभागियों को मजबूत पासवर्ड के उपयोग, डिजिटल सतर्कता बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तत्काल अपने अभिभावकों, शिक्षकों, नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर देने की सलाह दी गई। साथ ही बताया गया कि साइबर अपराध से संबंधित शिकायतें राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल https://www.cybercrime.gov.in के माध्यम से भी दर्ज कराई जा सकती हैं।

कार्यशाला के समापन पर छात्र-छात्राओं के साथ संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने हेतु प्रेरित किया गया। प्रतिभागियों ने इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संचालन विभु कृष्णा के द्वारा किया गया।

इस अवसर पर पीडी हिमांशु जोशी, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार डोभाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, नंदिनी तोमर, अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी लक्ष्मी चौहान, नेटवर्क इंजीनियर हरीश पिलख्वाल, अमित पाण्डेय, सूरज कुमार, डॉ. दीपक सरकार, डॉ. बिरेन्द्र सिंह रौतेला, डॉ. राकेश चिलाना, डॉ. संदीप कुमार, डॉ. नाजमा, डॉ. मीना अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *