मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद शहर में शुक्रवार शाम एक सनसनीखेज वारदात में महिला जज के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक मोहम्मद असद ‘अलवीना’ नाम से बेकरी का कारोबार चलाते थे। घटना उस समय हुई जब वह रोजा खोलने के बाद अपने साले के साथ तरावीह की नमाज अदा करने मस्जिद जा रहे थे।
घटना नागफनी थाना क्षेत्र के बंगला गांव चौराहे की है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार हमलावरों ने पीछे से आकर असद के सिर में बंदूक सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े। परिजन उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हिस्ट्रीशीटर साले पर हत्या का आरोप
परिजनों के मुताबिक, हत्या के पीछे पारिवारिक प्रॉपर्टी विवाद है। मृतक का अपने साले जफर से मकान को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। जफर नागफनी थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है और उसके खिलाफ कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं।
आरोप है कि वारदात में जफर के साथ उसका बेटा सैफुल और दामाद फैजान भी शामिल थे। बताया गया है कि जफर पिछले कुछ समय से मोहम्मद असद से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा था। इस संबंध में पहले ही थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
चश्मदीद साले का बयान
घटना के प्रत्यक्षदर्शी बड़े साले मजाहिर ने बताया कि शाम करीब 7:30 बजे रोजा खोलने के बाद वह और मोहम्मद असद स्कूटी से लाल मस्जिद तरावीह की नमाज पढ़ने जा रहे थे। असद स्कूटी चला रहे थे और वह पीछे बैठे थे।
जैसे ही वे बंगला गांव चौराहे पर पहुंचे, तभी बाइक पर सवार जफर पीछे से आया और असद के सिर में सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़े। मजाहिर ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
5 टीमों का गठन, ताबड़तोड़ छापेमारी
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है। संभावित ठिकानों पर पुलिस की छापेमारी जारी है।
बेटी और दामाद दोनों न्यायिक सेवा में
मृतक की बेटी आसमां सुल्ताना और दामाद जुलकर नैन आलम न्यायिक सेवा में हैं। बेटी की तैनाती बुलंदशहर में बताई जा रही है।
शहर में शोक और आक्रोश
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

इस्लाम हुसैन
संपादक – कुमाऊँ मिडडे
प्रधान कार्यालय – हुसैन मंजिल, निकट लकडी मंडी चोहरा- जसपुर (उधम सिंह नगर) उत्तराखंड, पिन- 244712
संपर्क – 8279368237, 9412036910
ईमेल – kumaonmidday@gmail.com













Leave a Reply