उत्तराखंड में जबरन धर्मांतरण को बर्दाश्त नहीं करेंगेः सीएम धामी

यूपी में कई मामले सामने आने पर सीएम ने दिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने के आदेश

देहरादून, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में प्रलोभन या जबरन धर्मांतरण के प्रयासों को किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यूपी में हाल में सामने आए धर्मांतरण को मामलों के मद्दनेजर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए निगरानी के निर्देश दिए। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को भी कहा।

रविवार को मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इसके निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है। यहां सभी धर्मों के लोग शांतिपूर्वक तरीके से एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करके रहते हैं। पर, यह भी देखा जा रहा है कि कुछ लोग लालच देकर या जबरन दबाव बनाकर धर्मांतरण के प्रयास भी कर रहे हैं। इस प्रकार की घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे लोगों और संगठनों को किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राज्य में वर्तमान में उत्तराखंड धर्मस्वतंत्रता (संशोधन) अधिनियम लागू है। धामी सरकारने वर्ष 2018 में लागू किए गए इस कानून को संशोधित करते हुए नवंबर 2022 में नए सिरे से लागू किया था। इसके तहत जबरन धर्मांतरण को गैर-जमानती और संज्ञेय अपराध घोषित किया गया है। इसके तहत दोषियों को दो से 10 वर्ष की जेल और 25 हजार से 10 लाख रुपये तक का जुर्माने का प्राविधान है। कानून के तहत वर्ष 2022 से अब तक 42 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं।

पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री

उत्तराखंड में बगैर सहमति, भय, लालच या धोखाधड़ी के धर्मांतरण किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। इसकी रोकथाम के लिए राज्य स्तर पर सख्त कानून बनाया गया है। सरकार का उद्देश्य केवल सजा देना नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना जगाना और धार्मिक स्वतंत्रता के नाम पर होने वाले दुरुपयोग को
समाप्त करना है।

कांवड़ में हुड़दंग पर सख्ती जरूरी : सैनी

देहरादून। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांवड़ में हुड़दंग करने वाले अराजक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई होना जरूरी है। रविवार को देहरादून पहुंचे नायब सिंह सैनी ने पहले सीएम धामी से मुलाकात कर कई मुद्दों पर चर्चा की। इसके बाद पत्रकारों के सवालों का जबाव देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा में हर साल लाखों की संख्या में शिव भक्त मां गंगा के पवित्र जल को लेने आते हैं। उनसे पूछा गया कि कई बार कांवड़ में हुड़दंग करने वाले लोग भी पहुंचते हैं जिनमें कई हरियाणा से भी होते हैं। इसके जबाव में उन्होंने कहा कि जो भी कांवड़ में हुड़दंग करते हैं ऐसे लोगों के खिलाफ सख्ती से निपटा जाना चाहिए। उत्तराखंड के स्कूलों में गीता के श्लोक पढ़ाए जाने संबंधी सवाल के जबाव में उन्होंने कहा कि हरियाणा के स्कूलों में भी बच्चों के पाठ्यक्रम में गीता के श्लोक शामिल किए गए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और इस राज्य में यह व्यवस्था लागू होने पर भी उन्हें बहुत खुशी है।

कालनेमि अभियान में कार्रवाई:

प्रदेश में इस ऑपरेशन के तहत अब तक 2448 लोगों की पहचान की गई। जबकि 377 संदिग्धों को चिह्नित किया गया। साधु भेष बनाकर लोगों को ठगने पर 222 अभियुक्तों पर कार्यवाही शुरू कर दी गई हैं। 140 गिरफ्तारियां की गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *