उत्तराखंड के हल्द्वानी की चर्चित सोशल मीडिया व्लॉगर व इन्फ्लुएंसर ज्योति अधिकारी को उनके बड़बोले अंदाज़ और महिलाओं व देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में जेल जाना पड़ा है। जहां एक ओर उनके विरोधी इस कार्रवाई को सही ठहरा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अब उनके प्रति सहानुभूति लगातार बढ़ती जा रही है।
परिजनों और समर्थकों के अनुसार, ज्योति अधिकारी के जेल जाने के बाद से उनके घर पर समाजसेवियों और सोशल मीडिया के चर्चित व्लॉगर्स का आना-जाना लगातार बना हुआ है। कई लोग खुलकर ज्योति अधिकारी के समर्थन में सामने आ रहे हैं। वहीं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी अब उनके समर्थन में वीडियो और पोस्ट साझा किए जा रहे हैं।
समर्थकों का कहना है कि जिस तेजी से ज्योति अधिकारी पर कार्रवाई की गई, अगर उतनी ही तेजी से अपराधियों पर कार्रवाई होती तो शायद कई अपराध रुक सकते थे। लोगों का तर्क है कि ज्योति अधिकारी का अपराध इतना बड़ा नहीं था कि उन्हें जेल भेजा जाए। उनका कहना है कि सार्वजनिक माफी और जुर्माना लगाकर मामला निपटाया जा सकता था।
समर्थकों के बीच यह भी चर्चा है कि कानून का डंडा अक्सर आम लोगों पर ही चलता है, जबकि बड़े नेता और अधिकारी गंभीर आरोपों के बावजूद खुलेआम घूमते रहते हैं।
इस पूरे प्रकरण का असर सोशल मीडिया पर भी साफ दिख रहा है। जानकारी के अनुसार, ज्योति अधिकारी के फेसबुक अकाउंट पर उनके फॉलोअर्स की संख्या में करीब 50 हजार की बढ़ोतरी हुई है। कई लोग खुलकर उनके समर्थन में सामने आए हैं।
वहीं सूत्रों के अनुसार, सोमवार को ज्योति अधिकारी की जमानत को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं, हालांकि इस पर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

इस्लाम हुसैन
संपादक – कुमाऊँ मिडडे
प्रधान कार्यालय – हुसैन मंजिल, निकट लकडी मंडी चोहरा- जसपुर (उधम सिंह नगर) उत्तराखंड, पिन- 244712
संपर्क – 8279368237, 9412036910
ईमेल – kumaonmidday@gmail.com












Leave a Reply