काशीपुर। शिक्षक खादिम अंसारी और मोहम्मद नईम हज इंस्पेक्टर की ट्रेनिंग के लिए मुंबई गए थे। सोमवार को वापस लौटते समय हुए सड़क हादसे में खादिम की मौत हो गई, जबकि नईम गंभीर घायल हो गए।
खादिम अंसारी बिजनौर के अफजलगढ़ स्थित संविलियन विद्यालय, पुक्खेवाला प्राइमरी स्कूल में शिक्षक थे। जबकि मोहम्मद नईम प्राथमिक विद्यालय मंझोली, अफजलगढ़ में सहायक अध्यापक हैं। दोनों का चयन हज इंस्पेक्टर के रूप में हुआ था। दोनों अन्य लोगों के साथ दो दिन की ट्रेनिंग के लिए मुंबई गए थे। 25 जनवरी की रात ही वह फ्लाइट में मुंबई से दिल्ली पहुंचे और वापस घर आने के लिए दिल्ली से टैक्सी कर ली। सोमवार तड़के आईटीआई कोतवाली क्षेत्र के अलीगंज रोड के ग्राम बांसखेड़ा खुर्द में कार डंपर से टकरा गई। हादसे में शिक्षक खादिम के साथ ही कार में सवार गुरजिंदर सिंह और टैक्सी चालक आकाश दीप छीना की मौके पर ही मौत हो गई। गुरजिंदर सिंह मुथूट फाइनेंस कंपनी रामनगर में शाखा प्रबंधक थे। हादसे में शिक्ष्क नईम और राजे आलम गंभीर घायल हो गए।
हादसे के समय पत्नी से बात कर रहे थे खादिम:
परिजनों के अनुसार, शिक्षक खादिम अंसारी हादसे के समय अपनी पत्नी से मोबाइल पर बात कर रहे थे। टक्कर होते ही कॉल कट गई। बाद में किसी अज्ञात व्यक्ति ने हादसे की सूचना दी। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
21 किमी पहले से अनियंत्रित चल रही थी टैक्सी: एसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि 112 पर सूचना देने वाले व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि वह अपने बेटे को दिल्ली एयरपोर्ट छोड़कर काशीपुर लौट रहा था। जिस टैक्सी कार का हादसा हुआ, वह उसे रोशनपुर के पास करीब 21 किलोमीटर पहले मिली थी और लगातार अनियंत्रित होकर चल रही थी। हॉर्न बजाने पर कुछ देर गाड़ी सीधी चलती, फिर दोबारा लहराने लगती थी। बांसखेड़ा खुर्द के पास अंततः हादसा हो गया।
गुरजिंदर और आकाशदीप थे इकलौते बेटे: गुरजिंदर अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे और अविवाहित थे। वहीं टैक्सी चालक आकाश दीप छीना भी अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र और अविवाहित था। मृतक खादिम के पांच बच्चे हैं।

इस्लाम हुसैन
संपादक – कुमाऊँ मिडडे
प्रधान कार्यालय – हुसैन मंजिल, निकट लकडी मंडी चोहरा- जसपुर (उधम सिंह नगर) उत्तराखंड, पिन- 244712
संपर्क – 8279368237, 9412036910
ईमेल – kumaonmidday@gmail.com











Leave a Reply