बाजपुर के एक किसान ने बागवानी को दिया अनोखा रूप

बाजपुर में एक किसान ने बागवानी को अनोखा रूप दिया है। यहां आड़ू के पेड़ पर उगे कैलिफोर्निया के बादाम सबको हैरान कर रहे हैं। अपने अनोखे प्रयोगों के लिए किसान भूषण अवार्ड और राज्यपाल का प्रशस्ति पत्र जीत चुके प्रगतिशील राजविंदर सिंह के नवाचार कहानी किसी हसीन सपने के पूरे होने जैसी है।

ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर में किशनपुर इलाके की फौजी कॉलोनी में रहने वाले राजविंदर सिंह ने वर्ष 2019 से अपने बगीचे को अनूठी प्रयोगशाला जैसा बना रखा है। खेती में नवाचार करके वह सालाना लगभग 15 लाख रुपये की आय अर्जित कर रहे हैं। उनकी एक खास उपलब्धि है आड़ू के पेड़ पर कैलिफोर्निया के बादाम की पैदावार करना। उनके पास अभी 12 ऐसे पेड़ हैं जिनमें से प्रत्येक पर लगभग 15 किलो तक बादाम होते हैं।राजविंदर का दावा है कि जैसे-जैसे पेड़ बड़े होंगे एक पेड़ से 30 किलो तक बादाम मिल सकता है। बाजार में इसकी कीमत 800 से 900 रुपये प्रति किलो तक मिल जाती है।उनका सपना और भी बड़ा है। राजविंदर की योजना है एक एकड़ में 200 बादाम के पेड़ लगाना। अगर यह कामयाब रहा तो एक साल में 30 क्विंटल बादाम की फसल तैयार होगी। इससे सालाना करीब 24 लाख रुपये कमाई हो सकती है। यह न सिर्फ एक अनोखा प्रयोग है बल्कि छोटे किसानों के लिए प्रेरणा भी है।

लाल चंदन के 100 पौधे लगाए
राजविंदर का बगीचा सिर्फ बादाम तक सीमित नहीं है। उन्होंने बताया कि वह अपने बाग में लाल चंदन भी तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने असम से लाल चंदन के 100 पौधे मंगाकर लगाए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *