चुनावी रंजिश:लोहे की रॉड मारकर वृद्ध को किया घायल, केस दर्ज

काशीपुर। चुनावी रंजिश के चलते खेत से आ रहे वृद्ध को एक युवक ने लोहे की रॉड से हमला कर गिरा दिया। इससे वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी के परिवार से शिकायत करने पर परिवार के सदस्यों ने अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए भगा दिया। बेटे की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

आईटीआई थाना क्षेत्र के ग्राम बांसखेड़ा खुर्द निवासी जोगिंदर सिंह पुत्र भूकन सिंह ने पुलिस को तहरीर सौंपी। इसमें कहा कि बीती सात की सुबह लगभग 8 बजे उसके पिता भूकन सिंह (70) खेत से आ रहे थे। इसी दौरान माता मंदिर चौराहा के पास ग्राम बांसखेड़ा निवासी बलजीत सिंह जो उसके परिवार से चुनावी रंजिश रखता है। उसने उसके पिता पर लोहे की रॉड से हमला कर गिरा दिया। उसके पिता की कूल्हे की हड्डी टूट गई। पिता को सरकारी अस्पताल ले गए जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया। बताया कि आरोपी बलजीत सिंह धमकी देता खुला घूम रहा है। जब आरोपी के परिवार में शिकायत की तो मदन पाल उर्फ बंटी, जयपाल, प्रमोद सैनी, भरत सिंह व अनिल सभी ने अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। आईटीआई थाना प्रभारी कुंदन रौतेला ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *