काशीपुर में डंपर मालिक की फंटियों से पीट-पीटकर हत्या


काशीपुर। मामूली कहासुनी के बाद दो युवकों ने आंगन में बैठे डंपर मालिक की फंटियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। मां ने दो युवकों के खिलाफ हत्या का आरोप लगा पुलिस को तहरीर दी।

मानपुर रोड स्थित जंगा रोड निवासी 35 वर्षीय अनुज यादव पुत्र नन्हें यादव शनिवार दोपहर आंगन में मां सुखलेश देवी, मामा जगवीर यादव और रिश्तेदार लल्ला यादव उर्फ लच्छी के साथ बैठा था। इसी दौरान दो युवक बाइक से आए और अनुज पर फंटियों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होकर अनुज जमीन पर गिर पड़ा। जब शाम को उसकी अचानक तबीयत बिगड़ी तो परिजन उसे एलडी भट्ट राजकीय चिकित्सालय ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि अनुज स्वयं का डंपर चलाता था। पत्नी हेमा और नाबालिग बेटों लक्ष्य व आदी का रो-रोकर बुरा हाल है।

पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक ने बताया कि अभी मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं होने पर जांच के लिए बिसरा सुरक्षित रखा है। सीओ दीपक कुमार ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *