आरोप:एएनएम के गलत इंजेक्शन लगाने की वजह से शिशु की हालत बिगड़ी

सितारगंज। जिला उप अस्पताल में तैनात एएनएम के गलत इंजेक्शन लगाने से नवजात शिशु की हालत बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए रुद्रपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वार्ड नंबर छह निवासी सोनी पत्नी रोहित ने बताया कि उसकी देवरानी कंचन ने 27 सितंबर को जिला उप अस्पताल सितारगंज में एक शिशु को जन्म दिया था। 12 नवंबर को वह शिशु को लेकर अस्पताल गई थी। वहां तैनात एएनएम ने शिशु के दो हाथ और दो जांघों पर कुल चार टीके लगाए। टीके लगाने के दिन से शिशु के इंजेक्शन की जगह से रक्तस्राव शुरू हो गया। इससे उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन घबराकर उसे वापस अस्पताल ले गए। वहां स्वास्थ्य कर्मी ने महज औपचारिकता निभाकर शिशु को वापस घर भेज दिया।इसके बाद परिजनों ने उसे रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां एनआईसीयू में उसका इलाज चल रहा है। परिजनों ने आरोप लगाया कि एएनएम के गलत इंजेक्शन लगाने की वजह से शिशु की हालत गंभीर हो गई। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर एएनएम के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
-वर्जन

परिजनों की ओर से शिकायत मिली है। मामले की जांच कराई जाएगी। गलती पाए जाने पर आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाएगी। – डॉ. कुलदीप यादव, सीएमएस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *