जसपुर:ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल एकेडमी ने वार्षिक खेल दिवस 2025 का किया शानदार आयोजन

जसपुर में वार्षिक खेल दिवस 2025: ‘Harmony 4.0– Balance for a Brighter You’ थीम पर भव्य आयोजन

जसपुर: ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल एकेडमी, जसपुर में वार्षिक खेल दिवस 2025 अत्यंत धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस वर्ष का खेल दिवस ‘Harmony 4.0– Balance for a Brighter You’ थीम पर आधारित था, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में शारीरिक फिटनेस, संतुलन, आत्मविश्वास, सहयोग और अनुशासन जैसे गुणों का विकास करना था।
इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में डॉ. शैलेश कुमार चौधरी, आईटीबीपी अधिकारी और श्री सुनील कुमार, उप-कमांडेंट एनडीआरएफ ने कार्यक्रम में शिरकत की। डॉ. चौधरी ने कठिन हिमालयी क्षेत्रों में आपातकालीन सेवाएँ प्रदान की हैं और उन्हें सिलक्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन 2023, माणा हिमस्खलन रेस्क्यू ऑपरेशन, 2024 तथा धराली फ्लैश फ्लड्स, 2025 में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए निदेशक जनरल के दो गोल्ड डिस्क पुरस्कार प्रदान किए गए हैं। श्री सुनील कुमार ने 2011 जापान भूकंप राहत एवं बचाव मिशन सहित अनेक महत्वपूर्ण अभियानों का नेतृत्व किया है और उन्हें निदेशक जनरल के 3 डिस्क पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। साथ ही विशिष्ट अतिथियों के रूप में उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री दीपक मेहरा जी, भारतीय जनता पार्टी के भाजपा काशीपुर जिलाध्यक्ष अध्यक्ष मनोज पाल एवं प्रमुख अतिथि के रूप में जसपुर के प्रसिद्ध उद्योगपति सिद्धार्थ सिंघल जी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रांगण में गार्ड ऑफ़ ऑनर देकर विशिष्ट अतिथियों का भव्य स्वागत करके किया गया। तत्पश्चात विद्यालय के संचालक श्री सुनील कांबोज जी, निर्देशक श्री सुमित कांबोज जी, प्रबंधक श्री अमित कांबोज जी तथा प्रधानाचार्य श्रीमती मधु शर्मा जी ने अपने कर कमलों से अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किये। सद्भावना की प्रतीक मशाल जलाने के साथ ही मार्च पास्ट का मनमोहक प्रदर्शन किया गया। गांधी, टेरेसा, कलाम और राधाकृष्णन सदनों के विद्यार्थियों ने अनुशासन और तालमेल का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। मैदान में विद्यार्थियों की सजग चाल, दमदार कदम और जोश ने दर्शकों का मन मोह लिया।
विद्यार्थियों ने योग, डंबल पी.टी., पैराशूट ड्रिल, रिबन डांस, अंतर्सदनीय पिरामिड प्रतियोगिता और हार्मनी डांस जैसी प्रस्तुतियों से न केवल अपने खेल प्रशिक्षण बल्कि कला कौशल का भी शानदार प्रदर्शन किया। सभी प्रदर्शनों में शक्ति, लचीलापन, तालमेल और एकजुटता का अद्भुत प्रदर्शन देखने को मिला, जिससे पूरे मैदान में तालियों की गड़गड़ाहट गूँज उठी।
खेल प्रतियोगिताओं में बालवाटिका से लेकर सीनियर कक्षाओं तक के सभी विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विभिन्न खेलों में बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रत्येक खिलाड़ी का लक्ष्य केवल जीत नहीं, बल्कि अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास द्वारा विद्यालय का नाम गौरवान्वित करना था।
कार्यक्रम में अभिभावक और शिक्षक भी उत्साह के साथ शामिल हुए। टीचर्स रिले रेस और माता-पिता की दौड़ ने दर्शकों का रोमांच बढ़ा दिया। बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों का उत्साह देखकर पूरे वातावरण में खेल भावना और आनंद का माहौल छा गया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को मैडल देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण के दौरान स्कूल प्रांगण में उत्साह चरम पर था और हर विजेता की उपलब्धि पर तालियों की गड़गड़ाहट गूँज उठी।
कार्यक्रम का अंतिम आकर्षण इंटर हाउस टग ऑफ वॉर (रस्साकशी) रहा। दोनों टीमों ने पूरी शक्ति और एकता के साथ मुकाबला किया। इसके बाद विजयी सदन की घोषणा की गई। शैक्षिक और खेल उपलब्धियों के आधार पर गांधी सदन विजेता और टेरेसा सदन उपविजेता बने।
इस अवसर पर विद्यालय के संचालक श्री सुनील कांबोज जी तथा उनकी धर्मपत्नी श्रीमती रीता कांबोज जी, निर्देशक श्री सुमित कांबोज जी एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती भावना कांबोज जी, प्रबंधक श्री अमित कांबोज जी और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती साक्षी कांबोज जी ने उपस्थित रहकर कार्यक्रम का गौरव बढ़ाया।
प्रधानाचार्या श्रीमती मधु शर्मा जी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया तथा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया। इसके बाद राष्ट्रभाव से भरे राष्ट्रीय गान के साथ खेल दिवस का भव्य समापन हुआ।
ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल एकेडमी का यह खेल दिवस न केवल विद्यार्थियों के खेल कौशल और क्षमता का प्रदर्शन था, बल्कि यह छात्र जीवन में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक दृष्टिकोण का उत्सव भी साबित हुआ। विद्यालय प्रबंधन की दूरदर्शिता और शिक्षकों की समर्पित मेहनत ने इस कार्यक्रम को अत्यंत सफल और यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *