गदरपुर पुलिस ने 25 हजार का इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद किया गिरफ्तार

रुद्रपुर,। गदरपुर क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस टीम और 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिए, लेकिन पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस हिरासत में लेकर उपचार को अस्पताल ले गई।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि गदरपुर के गूलरभोज पुलिस चौकी क्षेत्र में पुलिस चेकिंग कर रही थी। इस दौरान 25 हजार का इनामी वांछित गुरबाज सिंह उर्फ मानू को पुलिस टीम ने पकड़ने की कोशिश की, तो गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिए। पुलिस ने बचाव में जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। एसएसपी ने बताया कि 15 मई 2025 को ग्राम कलकत्ता निवासी बलजीत सिंह की तहरीर पर आरोपी करनैल सिंह उर्फ पिंटू रोढ़ी एवं गुरबाज सिंह उर्फ मानू पर बलविंदर सिंह की हत्या के प्रयास, फायरिंग और मारपीट में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी के कब्जे से एक तमंचा भी बरामद हुआ है। एसएसपी के मुताबिक, आरोपी के आपराधिक इतिहास है।

मानू पर दर्ज हैं 17 आपराधिक मुकदमे : गदरपुर पुलिस के हत्थे चढ़े 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी गुरबाज सिंह उर्फ मानू का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है। आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में लगभग 17 मुकदमे दर्ज हैं। थाना गदरपुर में उसके खिलाफ चोरी, लूट और अवैध हथियार रखने जैसी धाराओं में वर्ष 2017, 2021, 2022 और 2025 में कई मामले दर्ज हुए हैं। इनमें 25 आर्म्स एक्ट और बीएनएस की गंभीर धाराएं शामिल हैं। थाना दिनेशपुर में आरोपी पर घर में चोरी, नकदी-जेवरात ले जाने और अवैध हथियार रखने के अपराध दर्ज हैं। बाजपुर में भी चोरी और संपत्ति नुकसान पहुंचाने का मुकदमा पंजीकृत है। सबसे गंभीर मामले थाना नानकमत्ता में दर्ज हैं, जहां उसने पुलिस टीम और थानाध्यक्ष पर फायरिंग की थी। वहीं यूपी के जिला रामपुर के थाना मिलक खानम में आरोपी पर धोखाधड़ी, जालसाजी, वन अधिनियम और फायरिंग के गंभीर मामले दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *