राज्य के 191 सीएससी में श्रमिकों की सहायता के लिए विशेष व्यवस्था भी शुरू
अब श्रमिकों को योजनाओं की जानकारी, पंजीकरण, नवीनीकरण का मिलेगा लाभ
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं के 4224 श्रमिक लाभार्थियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 12.89 करोड़ की धनराशि हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने राज्य के 191 सीएससी में श्रमिकों की सहायता के लिए विशेष व्यवस्था का उद्घाटन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 191 कामन सर्विस सेंटरों में शुरू की गई यह विशेष व्यवस्था श्रमिकों के लिए बेहद उपयोगी सिद्ध होगी। अब श्रमिकों को योजनाओं की जानकारी, पंजीकरण, नवीनीकरण और लाभ से जुड़े आवेदन के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ब्लाक, तहसील और गांव स्तर पर ही सीएससी के माध्यम से सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह पहल सरकार की सरलीकरण और समाधान आधारित कार्यशैली का उदाहरण है, जिससे श्रमिकों को त्वरित और पारदर्शी लाभ मिल सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों की हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। श्रमिकों एवं उनके आश्रितों के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से उन्हें आर्थिक सुरक्षा, सामाजिक संरक्षण और सम्मानजनक जीवन प्रदान किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा सरकार का यह दायित्व है कि प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभाने वाले श्रमिकों और उनके परिवारों का भविष्य सुरक्षित हो। बताया कि कर्मकार बोर्ड की ओर से पिछले छह माह में अब तक 51 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि श्रमिकों एवं उनके परिजनों के खातों में हस्तांतरित की जा चुकी है।

इस्लाम हुसैन
संपादक – कुमाऊँ मिडडे
प्रधान कार्यालय – हुसैन मंजिल, निकट लकडी मंडी चोहरा- जसपुर (उधम सिंह नगर) उत्तराखंड, पिन- 244712
संपर्क – 8279368237, 9412036910
ईमेल – kumaonmidday@gmail.com












Leave a Reply