थर्टी फर्स्ट:सीमा पर भारी वाहनों को रोकेंगे, दो जनवरी से सामान्य होगा ट्रैफिक

आज रात से भारी वाहनों की जिले में नहीं दिया जाएगा प्रवेश

नैनीताल में थर्टी फर्स्ट पर भारी वाहनों पर रोक

● पर्यटकों की सुविधा के लिए नैनीताल जिला पुलिस ने शुरू की कवायद

हल्द्वानी, कार्यालय संवाददाता। थर्टी फर्स्ट और नए साल में नैनीताल आ रहे पर्यटकों की सुविधा को लेकर पुलिस ने कसरत शुरू कर दी है। इसके तहत दो दिन जिले में भारी वाहन के प्रवेश पर रोक रहेगी। जनपद की सीमाओं पर ही भारी वाहनों को रोक दिया जाएगा, ताकि पर्यटन पर इसका असर न पड़े।

एसएसपी डॉ.मंजूनाथ टीसी ने बताया कि थर्टी फर्स्ट और नए साल में हजारों पर्यटकों के नैनीताल पहुंचने की संभावना है। उनकी सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए पुलिस ने यातायात को लेकर यह निर्णय लिया है। 31 दिसंबर और 1 जनवरी को जिले में किसी प्रकार के कोई भी भारी वाहन प्रवेश नहीं करेंगे। 30 दिसंबर की रात से ही यह प्लान लागू कर दिया जाएगा, ताकि पर्यटकों को सहूलियत हो।

बताया कि अल्मोड़ा और ऊधम सिंह नगर की सीमाओं पर ही बड़े वाहनों को रोक दिया जाएगा। जरूरी सामग्री जैसे दूध, राशन समेत आपात कालीन सेवा के वाहनों को रात 11 बजे बाद पहाड़ की ओर जाने दिया जाएगा। जब रूट पूरी तरह खाली होगा। एसएसपी ने सहयोग की अपील की है।

दोपहिया वाहनों को भी नो एंट्री: थर्टी फर्स्ट और नए साल में नैनीताल पर वाहनों का दबाव होने के बाद बड़े वाहनों को प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। लेकिन दोपहिया वाहनों को भी काठगोदाम और कालाढूंगी बाईपास से आगे नहीं जाने दिया जाएगा। एसपी क्राइम डॉ.जगदीश चंद्र का कहना है कि नैनीताल से अलर्ट मिलने के बाद दोपहिया वाहनों पर भी रोक लगा दी जाएगी। हालांकि लोकल के लोगों को जाने दिया जाएगा। इसका पूर्व में ही पुलिस डायवर्जन प्लान जारी कर चुकी है।

खैरना चौराहे पर अस्थायी पुलिस चौकी खोली
गरमपानी। नववर्ष के अवसर पर क्षेत्र में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए खैरना पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात सुचारू बना रहे, इसके लिए खैरना चौराहे के समीप अस्थायी पुलिस चौकी स्थापित की गई है।

अस्थायी चौकी पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही ठंड को देखते हुए यात्रियों और पुलिसकर्मियों की सुविधा के लिए अलाव की भी व्यवस्था की गई है। चौकी प्रभारी रमेश पंत ने बताया कि नववर्ष के अवसर पर कैंची धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए यातायात प्रबंधन के लिए विशेष योजना तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि जाम की स्थिति से बचने के लिए बड़े वाहनों का आवागमन सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस की ओर से यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *