गदरपुर, 02 जनवरी 2025- जिला विकास प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर द्वारा विकास खण्ड गदरपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत रोशनपुर (डलबाबा) में 24.78 लाख की लागत से 9 फीट ऊँची एवं 11कुंटल की अष्टधातु से बनी बुक्सा जनजाति समाज के श्रद्धेय महापुरुष राजा जगतदेव जी की प्रतिमा का लोकार्पण/अनावरण मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राजा जगत देव जी का जीवन त्याग, वीरता, धर्मनिष्ठा और संस्कृति संरक्षण का अमूल्य उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह अवसर केवल एक प्रतिमा के अनावरण का नहीं, बल्कि बुक्सा जनजाति की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति और बलिदान की स्मृति को नमन करने का दिवस है। उन्होंने कहा कि राजा जगत देव जी ने कठिन परिस्थितियों में भी धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया। यह केवल वीरता की नहीं, बल्कि स्वाभिमान और आस्था की अदम्य शक्ति की प्रतीक गाथा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊधमसिंहनगर, नैनीताल, कोटद्वार सहित अनेक क्षेत्रों में बसे बुक्सा समाज के लोग अपनी संस्कृति, परंपरा और आत्मसम्मान को जीवंत रखे हुए हैं। राज्य सरकार जनजातीय समुदायों के सांस्कृतिक संरक्षण, इतिहास के दस्तावेजीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजा जगत देव जी की गौरवगाथा को शोध कार्य भी होने चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ियाँ उनसे प्रेरणा ले सकें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास से संबंधित तीन घोषणाएँ भी की। घोषणाओं में ग्राम सभा रोशनपुर स्थित श्री डलबाबा मंदिर परिसर में चाहरदीवारी, टीनशेड, फर्श और शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। ग्राम बलरामनगर से खेमपुर तक 3 किमी सड़क का पुनर्निर्माण कार्य कराया जाएगा। ग्राम सीतापुर से एएनके इंटर कॉलेज तक 4 किमी सड़क का पुनर्निर्माण कार्य कराया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय विधायक अरविंद पाण्डे व प्रदेश मंत्री गुँजन सुखीजा ने श्रद्धये राजा जगतदेव जी को नमन करते हुए कहा कि आज आदिवासी बुक्सा जनजातियों के आराध्य पूर्वज राजा जगतदेव जी का 765वें जन्मदिवस के अवसर पर बुक्सा जनजाति समाज के गौरव जिन्होंने समाज को एकता, स्वाभिमान और संघर्ष की प्रेरणा दी। उनकी प्रतिमा की स्थापना की गई जिसका मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के द्वारा लोकार्पण किया गया है जो इस क्षेत्र के लिए एवं हम सभी के लिए गौरव की बात है।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने श्रद्धये राजा जगतदेव को नमन करते हुए जनता को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि राजा जगतदेव जी की प्रतिमा की स्थापना माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के निर्देशानुसार व आप सभी जनता व जनप्रतिनिधियों के सहयोग से किया गया है। उन्होंने कहा कि राजा जगतदेव जी के कार्यों से बुक्सा समाज के साथ ही हम सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत रोशनपुर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों एवं जनजातीय समाज के लोगों ने अपनी समृद्ध परंपरा और लोक संस्कृति का मनोहारी प्रदर्शन किया। कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
लोकार्पण कार्यक्रम में हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं जनजाति समाज के लोग उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री द्वारा किए गए इस लोकार्पण को जनजातीय समाज के लिए सम्मान और गौरव का प्रतीक बताया।
इस अवसर ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश चुघ, दर्जामंत्री मंजीत सिंह राजू, सांसद प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर, बिट्टू चौहान, कन्नू जोशी, सुरेश खुराना, प्रधान लक्ष्मी देवी, दिनेश सिंह, रघुवीर संधू, सोमल सिंह, पार्वती देवी, राखी देवी, रवि सिंह, पूजा देवी, कोमल रानी, सहित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, उपाध्यक्ष विकास प्राधिकरण जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी व जनता भारी संख्या में मौजूद थी।

इस्लाम हुसैन
संपादक – कुमाऊँ मिडडे
प्रधान कार्यालय – हुसैन मंजिल, निकट लकडी मंडी चोहरा- जसपुर (उधम सिंह नगर) उत्तराखंड, पिन- 244712
संपर्क – 8279368237, 9412036910
ईमेल – kumaonmidday@gmail.com












Leave a Reply