हरिद्वार। अंकिता हत्याकांड से जुड़े चर्चित ऑडियो क्लिप और ब्लैकमेलिंग मामलों में फंसी सहारनपुर की अभिनेत्री उर्मिला सनावर की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। हरिद्वार पुलिस ने मामले में सख्ती दिखाते हुए अदालत से अभिनेत्री के खिलाफ गैर जमानती वारंट हासिल कर लिया है। वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने उर्मिला सनावर और निष्कासित पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की तलाश तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपित लंबे समय से जांच से बच रहे हैं और कई बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद थाने में पेश नहीं हुए।
रानीपुर कोतवाली पुलिस द्वारा अदालत से गैर जमानती वारंट लेने के बाद ज्वालापुर पुलिस भी अपने स्तर से वारंट की प्रक्रिया में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी किसी भी समय की जा सकती है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उर्मिला सनावर के खिलाफ दर्ज दो मुकदमे वायरल ऑडियो क्लिप से जुड़े हैं, जिनमें वह पूर्व विधायक सुरेश राठौर के साथ सह आरोपी है। इसके अलावा वर्ष 2025 में सुरेश राठौर की पुत्री ने अभिनेत्री के खिलाफ रानीपुर कोतवाली में ब्लैकमेलिंग का मुकदमा दर्ज कराया था। एक अन्य ब्लैकमेलिंग मामले में भी अभिनेत्री पुलिस को वांछित चल रही है।
आरोप है कि आपत्तिजनक तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर रकम की मांग की गई। पीड़िता का कहना है कि होली के दिन एक परिचित युवक के फोन आने के बाद अनजान नंबर से उसके मोबाइल पर आपत्तिजनक फोटो भेजी गईं। बाद में अभिनेत्री उर्मिला सनावर द्वारा तस्वीरें भेजे जाने और पैसों की मांग किए जाने का आरोप लगाया गया।
हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि सभी मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है। अदालत से गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस का दावा है कि कानून से बचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस्लाम हुसैन
संपादक – कुमाऊँ मिडडे
प्रधान कार्यालय – हुसैन मंजिल, निकट लकडी मंडी चोहरा- जसपुर (उधम सिंह नगर) उत्तराखंड, पिन- 244712
संपर्क – 8279368237, 9412036910
ईमेल – kumaonmidday@gmail.com












Leave a Reply