ब्राइट स्टार्ट एकेडमी मे दिलाई गई जीवन रक्षा की शपथ

सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा की शपथ
जसपुर।ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल एकेडमी, में सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा महाअभियान के अंतर्गत सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु सड़क सुरक्षा शपथ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई, जिसमें विद्यालय की आदरणीया प्रधानाचार्या महोदया, समस्त शिक्षक गण, बस चालक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की गरिमा को और अधिक बढ़ाने के लिए थाना कुंडा पुलिस विभाग के अधिकारियों की विशेष उपस्थिति रही। इस अवसर पर कुंडा थाना प्रभारी माननीय श्री जी. डी. भट्ट जी, सब-इंस्पेक्टर माननीय श्री प्रदीप कुमार जी, पुलिस अधिकारी माननीय श्री हरिश्चंद्र पांडेय जी तथा माननीय कांस्टेबल श्री राजेंद्र सिंह जी ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं।

सभा को संबोधित करते हुए श्री जी. डी. भट्ट जी ने हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, दोपहिया वाहनों पर ट्रिपल सवारी के खतरों, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग से बचने, नशे की स्थिति में वाहन न चलाने तथा 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों द्वारा वाहन चलाने पर लागू कानूनी प्रतिबंधों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की स्थिति में अभिभावकों पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई के प्रावधानों से भी अवगत कराया।

विद्यालय की आदरणीया प्रधानाचार्या श्रीमती मधु शर्मा जी ने अपने संबोधन में सड़क सुरक्षा को जीवन से जोड़ते हुए विद्यार्थियों से सतर्क, अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने सड़क पर विचरण करने वाले पशुओं के प्रति भी संवेदनशीलता बरतने तथा मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर सब-इंस्पेक्टर श्री प्रदीप कुमार जी द्वारा उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर उपस्थित अतिथि गणों ने विद्यालय प्रबंधन की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा इस प्रकार के प्रयास वास्तव में प्रशंसनीय हैं, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों को शैक्षणिक शिक्षा के साथ-साथ जीवनोपयोगी ज्ञान, सामाजिक जिम्मेदारियों एवं व्यवहारिक जागरूकता भी प्रदान की जा रही है। ऐसे कार्यक्रम विद्यालय की दूरदर्शी सोच तथा छात्रों के सर्वांगीण विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *