Advertisement

चाउमीन के पैसे मांगने पर विवाद, चलीं गोलियां और बरसे पत्थर

रुद्रपुर। शहर के रंपुरा स्थित निचाल चौराहे पर मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चाउमीन के पैसे मांगने पर कुछ युवकों ने सरेराह फायरिंग कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा। पुलिस ने घटना की जानकारी के बाद फरार अभियुक्तों की तलाश तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 7:27 बजे दो बाइक से पांच युवक रंपुरा के निचाल चौराहे पर स्थित चाउमीन-मोमो की दुकान पर पहुंचे। युवकों ने चाउमीन खाई लेकिन जब दुकानदार ने पैसे मांगे तो उन्होंने भुगतान करने से इन्कार कर दिया। आरोप है कि इसको लेकर दुकानदार और युवकों में कहासुनी हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर युवक वहां से चले गए लेकिन जाते-जाते अंजाम भुगतने की धमकी दे गए। करीब डेढ़ से दो घंटे बाद उन्हीं में से तीन युवक दोबारा दुकान पर पहुंचे।आरोप है कि युवक नशे में थे और दुकान पर पहुंचते ही फिर से विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते युवकों ने तमंचों से चार राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से चौराहे पर भगदड़ मच गई। जान बचाने के लिए लोग दुकानों और गलियों की ओर भागते नजर आए।

इस दौरान दूसरी ओर से पथराव भी हुआ। घटना की सूचना पर रंपुरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।

अभियुक्तों के घरों पर दबिश, परिजन हिरासत में

फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने देर रात अभियुक्त की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी हालांकि आरोपी घरों से फरार मिले। इसके बाद पुलिस ने दबाव बनाने के लिए कुछ अभियुक्तों के परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

कच्ची शराब का कारोबार बन रहा वजह

रुद्रपुर। स्थानीय लोगों के अनुसार, फायरिंग करने वाले युवक नशे में धुत थे। रंपुरा के निचाल चौराहा क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब का कारोबार बढ़ रहा है जिससे आए दिन विवाद और मारपीट जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से अवैध शराब के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि क्षेत्र में बिगड़ते माहौल पर लगाम लगाई जा सके।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है, डीवीआर को कब्जे में लिया गया है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। – जितेंद्र चौधरी, एसपी क्राइम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *