ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल एकेडमी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अलंकरण समारोह का आयोजन बड़े उत्साह, गरिमा एवं उल्लास के साथ विद्यालय के नवनिर्मित सभागार में किया गया। यह अवसर विद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण एवं यादगार रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक अमित कांबोज , प्रबंधन समिति के सम्मानित सदस्यों तथा प्रधानाचार्या मधु शर्मा द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ ही पूरे सभागार में सकारात्मक ऊर्जा, उत्साह और नई उम्मीदों का वातावरण बन गया।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नवीन सभागार विद्यालय प्रबंधन की दूरदर्शी सोच, विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति समर्पण तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। विद्यालय परिवार ने इस प्रेरणादायी पहल के लिए प्रबंधन समिति का हृदय से आभार व्यक्त किया।
समारोह का संचालन विद्यालय की कक्षा 11 की छात्राओं दीपरीत एवं भूमिका ने अत्यंत आत्मविश्वास एवं प्रभावशाली शैली में किया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत समूहगान तथा मनमोहक सरस्वती वंदना ने सभी उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक गरिमा और आध्यात्मिक सौंदर्य का सुंदर समावेश किया।
समारोह के दौरान सत्र 2025-26 के निवर्तमान हेड बॉय प्रभदीप सिंह एवं हेड गर्ल प्रेक्षा बाठला को उनके उत्कृष्ट नेतृत्व एवं समर्पित सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। उनके योगदान की सभी ने मुक्त कंठ से सराहना की।
इसके उपरांत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नव-निर्वाचित छात्र परिषद को औपचारिक रूप से दायित्व सौंपे गए। कक्षा 12 के आदित्य कांबोज को हेड बॉय तथा खुशदीप कौर को हेड गर्ल नियुक्त किया गया। निवर्तमान छात्र नेताओं द्वारा बैज पहनाकर उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई। साथ ही कक्षा 8 के गुरएकम सिंह को डिप्टी हेड बॉय एवं वेदांशी अग्रवाल को डिप्टी हेड गर्ल नियुक्त किया गया।
इसके अतिरिक्त कक्षा 12 के छात्र-छात्राओं को स्कूल काउंसिल के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। स्कूल प्रीफेक्ट्स के रूप में रौनकप्रीत कौर, पीहू सिंह, सुहानी गुम्बर, अपूर्व गुप्ता, चैतन्या शर्मा एवं दीपांशी रानी को नियुक्त किया गया।
अकादमिक कैप्टन्स के रूप में सक्षम कुमार सैनी एवं जशनप्रीत कौर, स्पोर्ट्स कैप्टन्स के रूप में आदर्श रहेजा एवं मनजोत कौर तथा डिसिप्लिन कैप्टन्स के रूप में आयुषी एवं तेजस चौहान को दायित्व प्रदान किए गए।
सांस्कृतिक गतिविधियों के संचालन हेतु आकृति गुप्ता एवं तेजस्विनी दधवाल को सांस्कृतिक कैप्टन्स नियुक्त किया गया।
विद्यालय के चारों सदनों के लिए भी हाउस कैप्टन्स नियुक्त किए गए। कलाम सदन के लिए काव्या सिंह एवं कर्मदीप सिंह, गांधी सदन के लिए उदार रहेजा एवं आद्या राजपूत, टेरेसा सदन के लिए प्रियाय सिंह एवं आद्या खुराना तथा आर.के. सदन के लिए रक्षित कुमार एवं अविका अग्रवाल को जिम्मेदारी सौंपी गई।
विद्यालय में प्रतिवर्ष हिंदी भाषा के महत्व को बढ़ावा देने तथा हिंदी के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से हिंदी ओलंपियाड का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में सत्र 2025-26 की हिंदी ओलंपियाड परीक्षा में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर पूरे विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मधु शर्मा जी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, अनुशासन और सेवा भावना के साथ दूसरों के लिए आदर्श प्रस्तुत करने का अवसर है। उन्होंने सभी नव-निर्वाचित छात्र नेताओं को शुभकामनाएँ देते हुए आशा व्यक्त की कि वे विद्यालय के मूल्यों को सदैव बनाए रखेंगे तथा अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करेंगे।
विद्यालय के प्रबंधक महोदय श्री अमित कांबोज जी ने अपने साक्षात्कार में कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की एक सशक्त कार्यशाला है। उन्होंने कहा कि हम विद्यार्थियों को ईमानदारी, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते रहते हैं। साथ ही उन्होंने विद्यालय की निरंतर प्रगति में सहयोग देने वाले अभिभावकों एवं शिक्षकों का भी आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या जी के द्वारा नव-निर्वाचित छात्र परिषद को शपथ दिलाई गई, जिसमें विद्यार्थियों ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने तथा अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया।
यह अलंकरण समारोह केवल पदभार ग्रहण का कार्यक्रम नहीं था, बल्कि नेतृत्व, संस्कार, अनुशासन एवं सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करने वाला प्रेरणादायी आयोजन सिद्ध हुआ।

इस्लाम हुसैन
संपादक – कुमाऊँ मिडडे
प्रधान कार्यालय – हुसैन मंजिल, निकट लकडी मंडी चोहरा- जसपुर (उधम सिंह नगर) उत्तराखंड, पिन- 244712
संपर्क – 8279368237, 9412036910
ईमेल – kumaonmidday@gmail.com












Leave a Reply