पोडी।जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित जनता मिलन एवं सीएम हेल्पलाइन समीक्षा बैठक में जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में विभिन्न विभागों से कुल 19 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर शिकायतकर्ताओं को राहत प्रदान की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि अब तक कुल 501 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 485 का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 16 प्रकरणों पर कार्यवाही गतिमान है। एल-1 स्तर पर 36 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों वाले अधिकारियों को अगले सोमवार व्यक्तिगत रूप से बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए। साथ ही बिना संतोषजनक समाधान के शिकायतों को फोर्स क्लोज न करने के निर्देश दिए गए।
जनता मिलन कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन, सरकार जनता के द्वार एवं ई-ऑफिस की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायत निस्तारण औपचारिकता नहीं बल्कि आमजन को वास्तविक राहत देने वाला होना चाहिए।
बैठक में कमंद क्षेत्र में तेंदुए की सक्रियता, बिडोलस्यूँ में एनएच श्रीनगर स्थित ईटीसी के सामने क्षतिग्रस्त सड़क, पंदारखोला में अवैध पेयजल टैंक निर्माण व जलापूर्ति समस्या, अपर चोपड़ा में पेयजल टैंक चेंबर मरम्मत तथा नलाई प्राथमिक विद्यालय की तूफान से क्षतिग्रस्त छत एवं दीवारों का मामला प्रमुख रूप से उठाया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
पोखड़ा में सौर ऊर्जा आधारित पेयजल योजना, पाबौ में महिलाओं के स्वरोजगार व आत्मरक्षा प्रशिक्षण तथा गिरगांव की पेयजल समस्या पर अधिशासी अभियंता को उसी दिन अपराह्न 2 बजे तक मौके पर पहुंचकर निरीक्षण व रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। अणेंथ गांव में पिछले दो वर्षों से लंबित आयुर्वेदिक चिकित्सालय हस्तांतरण प्रकरण को दो दिन के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक सोमवार आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच बन रहा है और इसमें संवेदनशीलता व जवाबदेही आवश्यक है। इसी क्रम में वार्ड संख्या-09 पौड़ी में 50 मिमी व्यास की पेयजल पाइपलाइन का लीकेज ठीक कराया गया तथा ग्राम कोठगी निवासी की मनरेगा मजदूरी का लंबित भुगतान भी कराया गया।
बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, डीएफओ महातिम यादव, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, सीओ तुषार बोरा, डीडीओ मनविंदर कौर, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, सीवीओ डॉ. विशाल शर्मा, अधिशासी अभियंता लोनिवि विवेक सेमवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस्लाम हुसैन
संपादक – कुमाऊँ मिडडे
प्रधान कार्यालय – हुसैन मंजिल, निकट लकडी मंडी चोहरा- जसपुर (उधम सिंह नगर) उत्तराखंड, पिन- 244712
संपर्क – 8279368237, 9412036910
ईमेल – kumaonmidday@gmail.com













Leave a Reply