एसएसपी और कोतवाल की ओर से संतोषजनक उत्तर नही मिलने पर दिया धरना
जसपुर। नगर पंचायत महुआडाबरा की एक महिला को सोमवार देर रात तक चौकी में देख कर विधायक भड़क गए। पुलिस की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विधायक ने चौकी में धरना दिया। मामले को लेकर विधायक और कोतवाल में गरमा-गर्मी भी हुई। कोतवाल के खेद व्यक्त करने के बाद देर रात विधायक शांत हुए। तब कहीं जाकर पुलिस ने राहत की सांस ली। आरोप है कि बिना महिला पुलिसकर्मी और दरोगा के महिला को चौकी में बैठा गया था।
नगर पंचायत मूहुआडाबरा निवासी जुबैदा खातून ने कांग्रेस विधायक आदेश सिंह चौहान को बताया कि गांव में हुई चोरी के एक मामले में सूत मिल चौकी पुलिस उनके पति फईम अहमद को चार माह से पूछताछ के लिए बुला रही है। सोमवार को पुलिस ने पति को फिर चौकी बुलाया था। महिला ने बताया कि देर शाम छह
बजे पुलिसकर्मी ने उन्हें भी फोन करके चौकी बुलाया।
पुलिस उनसे भी पूछताछ करने लगी। सूचना पर पहुंचे कांग्रेस विधायक बिना महिला पुलिसकर्मी और दरोगा के महिला को चौकी में देखकर आक्रोशित हो गए।
इस संबंध में विधायक ने एसएसपी और कोतवाल से फोन पर वार्ता की। आरोप है कि दोनों ओर से कानून का
पाठ पढ़ाने और संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर विधायक का पारा चढ़ गया। उन्होंने समर्थकों के साथ चौकी परिसर में धरना दिया।
देर रात कोतवाल राजेश पांडेय और एसएसआई जावेद मलिक के समझाने के बाद विधायक धरने से उठकर कक्ष में चले गए। उधर, पुलिस ने महिला और उसके पति को घर भेज दिया।
चोरी के एक मामले में पति के विरोधाभास के कारण ही पत्नी को भी पूछताछ के लिए बुलाया था। कुछ देर बाद ही महिला को जाने के लिए कह दिया गया था। इसके बाद वह अपनी इच्छा से चौकी में रूकी थी। फोन पर वार्ता में विधायक को कुछ गलतफहमी हुई थी। उसे दूर कर लिया गया है। – राजेश पांडेय, प्रभारी कोतवाली, जसपुर

इस्लाम हुसैन
संपादक – कुमाऊँ मिडडे
प्रधान कार्यालय – हुसैन मंजिल, निकट लकडी मंडी चोहरा- जसपुर (उधम सिंह नगर) उत्तराखंड, पिन- 244712
संपर्क – 8279368237, 9412036910
ईमेल – kumaonmidday@gmail.com













Leave a Reply