Advertisement

विश्व जनसंख्या दिवस पर जागरूकता शिविर आयोजित, परिवार नियोजन एवं मातृ स्वास्थ्य पर दिया गया विशेष जोर

जसपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुर में शनिवार को चिकित्सा अधीक्षक डॉ. धीरेंद्र कुमार गहलोत की अध्यक्षता में विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम एवं विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनसंख्या नियंत्रण, परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा कानूनी जागरूकता के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ममता पंत के निर्देशानुसार किया गया, जिसमें प्राधिकरण से जुड़े पैरालीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) ने शिविर के माध्यम से आमजन को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।

इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. धीरेंद्र कुमार गहलोत ने कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस प्रत्येक वर्ष 11 जुलाई को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य बढ़ती जनसंख्या से जुड़े मुद्दों के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा परिवार नियोजन, मातृ स्वास्थ्य और जनसंख्या संतुलन के महत्व को रेखांकित करना है। उन्होंने बताया कि इस दिवस की शुरुआत वर्ष 1989 में संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) की शासी परिषद द्वारा की गई थी और वर्ष 1990 से इसे विश्वभर के अनेक देशों में मनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए गर्भधारण के बीच पर्याप्त अंतराल रखना आवश्यक है। इससे अनचाहे गर्भधारण की रोकथाम के साथ-साथ मां और बच्चे दोनों का स्वास्थ्य बेहतर बना रहता है।

कार्यक्रम में पैरालीगल वॉलंटियर डॉ. बी.एस. गौतम ने कहा कि “स्वस्थ नारी, स्वस्थ संतान और स्वस्थ उत्तराखंड की पहचान” के उद्देश्य को साकार करने के लिए विवाह के कम से कम दो वर्ष बाद प्रथम संतान तथा दो बच्चों के बीच न्यूनतम तीन वर्ष का अंतराल रखना एक स्वस्थ परिवार की मजबूत नींव है।

वहीं, पीएलवी सोनू कुमार ने उपस्थित लोगों को इंटरनेट एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, टोल फ्री हेल्पलाइन 15100, सड़क सुरक्षा, नशा उन्मूलन, स्थायी लोक अदालत तथा राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान कीं।

कार्यक्रम में डॉ. आशु सिंघल, डॉ. प्रवीण वाजपेयी, डॉ. अर्पित सहित पीएलवी टीम के वीर सिंह गौतम, श्रीमती मुनेश, श्रीमती लता, आकाश कुमार, विकास कुमार, दीपक कुमार, सोनू कुमार, अनिल कुमार, भुवनेश कुमार तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का समस्त चिकित्सा एवं स्वास्थ्य स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *