Advertisement

स्वरोजगार से आत्मनिर्भरता की मिसाल बना शक्ति स्वयं सहायता समूह, महिलाओं की मेहनत ने लिखी सहकारी ग्रामीण बाज़ार की सफलता की नई कहानी

लालकुआं, नैनीताल। राज्य सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के प्रयासों के अनुरूप जनपद नैनीताल के लालकुआं क्षेत्र में शक्ति स्वयं सहायता समूह महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की प्रेरणादायी मिसाल बनकर उभर रहा है। नाबार्ड के सहयोग से प्रगतिशील संस्था द्वारा वर्ष 2018 में गठित यह समूह लगातार प्रगति के नए आयाम स्थापित कर महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है।

समूह द्वारा वर्तमान में नाबार्ड के आर्थिक सहयोग से पिछले तीन वर्षों से रूरल मार्ट का संचालन किया जा रहा है। रूरल मार्ट के माध्यम से स्थानीय महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तशिल्प उत्पाद, अचार, जैम-जेली, देसी घी, दालें, अनाज, बुराँस का जूस सहित विभिन्न स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है।
शक्ति स्वयं सहायता समूह अपने उत्पादों की व्यापक मार्केटिंग के लिए नाबार्ड के सहयोग से उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों में आयोजित मेलों एवं प्रदर्शनियों में स्टॉल लगाकर उत्पादों का प्रचार-प्रसार एवं बिक्री करता है। इसके अतिरिक्त समूह द्वारा गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित किसान मेले में भी नियमित रूप से स्टॉल लगाया जाता है।
समूह की महिलाओं की मेहनत और उत्पादों की बेहतर बिक्री का परिणाम यह है कि उत्कृष्ट बिक्री एवं प्रदर्शन के लिए समूह को पंतनगर विश्वविद्यालय द्वारा प्रत्येक वर्ष सम्मानित भी किया जाता है। इससे समूह से जुड़ी महिलाओं का उत्साह बढ़ रहा है और वे अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
राज्य सरकार के निरंतर प्रयासों से शक्ति स्वयं सहायता समूह की यह पहल महिला सशक्तिकरण, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने तथा महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को मजबूत आधार प्रदान कर रही है। समूह से जुड़ी महिलाएं अपने हुनर और मेहनत के बल पर न केवल परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही हैं, बल्कि अन्य महिलाओं के लिए भी स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की प्रेरणा बन रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *