अंडर-14 बालक वर्ग के फाइनल में साउथ जोन को 10 विकेट से हराया, शौर्य यादव बने मैन ऑफ द सीरीज
मदुरई (तमिलनाडु) में आयोजित सीबीएसई नेशनल क्रिकेट चैंपियनशिप में ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल एकेडमी, जसपुर के यशवीर कांबोज की कप्तानी में नॉर्थ जोन-1 की अंडर-14 ब्वायज क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में नॉर्थ जोन-1 ने साउथ जोन को एकतरफा अंदाज में हराकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी श्रेष्ठता साबित की।

फाइनल मुकाबले में साउथ जोन-1 ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, लेकिन नॉर्थ जोन-1 के गेंदबाजों के सामने उसकी पूरी टीम मात्र 33 रन पर सिमट गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नॉर्थ जोन-1 की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज सात ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और शानदार जीत के साथ ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। फाइनल मुकाबले में देविक धनकर ने अपने प्रदर्शन से विशेष छाप छोड़ी और उन्हें मैच का हीरो माना गया।
इससे पहले खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भी नॉर्थ जोन-1 की टीम ने दमदार प्रदर्शन किया था। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 333 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस मुकाबले में शौर्य यादव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 200 रनों की नाबाद पारी खेली और टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
पूरी प्रतियोगिता में नॉर्थ जोन-1 के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। शौर्य यादव को टूर्नामेंट का मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। बल्लेबाजी में यशवीर कांबोज, शौर्य यादव और समर्थ भारद्वाज शीर्ष तीन बल्लेबाजों में शामिल रहे। वहीं गेंदबाजी में देविक धनकर ने 10 विकेट लेकर टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का खिताब हासिल किया। शीर्ष तीन गेंदबाजों में भी नॉर्थ जोन-1 के ही देविक धनकर, ऋषभ कुमार और भानु प्रताप ने स्थान बनाया।
टीम की इस शानदार राष्ट्रीय सफलता पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से श्री सुनील कांबोज एवं श्री सुमित कांबोज ने सभी खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी तथा खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह सफलता हासिल करने की शुभकामनाएं दीं। यशवीर कांबोज की कप्तानी में मिली इस जीत से विद्यालय परिसर ही नहीं पूरे जसपुर क्षेत्र में भी खुशी और गर्व का माहौल है। इस उपलब्धि की खुशी में प्रधानाचार्या श्रीमती मधु शर्मा ने सभी को जब इस बड़ी उपलब्धि की सूचना दी तो पूरा विद्यालय परिसर तालियों की गूँज से भर गया । इस खुशी में सभी का मुँह मीठा कराया गया। वहीं यशवीर कंबोज के अभिभावकों श्री सुमित कंबोज और श्रीमती भावना कंबोज को हार्दिक बधाई दी गई।
इस अवसर पर कांबोज क्रिकेट अकादमी के प्रबंधक श्री अमित कंबोज जी के मार्गदर्शन और कोच विवेक बिष्ट की मेहनत की सराहना की गई। कंबोज क्रिकेट अकादमी के कोच खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, अनुशासन और तकनीकी कौशल के साथ प्रशिक्षित कर रहे हैं, जिसका सकारात्मक परिणाम राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों के प्रदर्शन में दिखाई दे रहा है। जहाँ विद्यालय प्रबंधन विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है वहीं विद्यालय के शिक्षकगण शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों और अन्य सह-पाठ्यक्रम क्षेत्रों में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दें रहे हैं। विश्वास जताया जाता है कि खिलाड़ियों की यह सफलता भविष्य में अन्य विद्यार्थियों को भी सभी खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी। गत वर्ष ब्राइट स्टार्ट द्वारा चयनित अंडर-१९ टीम राष्ट्रीय विजेता थी और अंडर-१७ टीम प्रथम उपविजेता रही थीं।

इस्लाम हुसैन
संपादक – कुमाऊँ मिडडे
प्रधान कार्यालय – हुसैन मंजिल, निकट लकडी मंडी चोहरा- जसपुर (उधम सिंह नगर) उत्तराखंड, पिन- 244712
संपर्क – 8279368237, 9412036910
ईमेल – kumaonmidday@gmail.com













Leave a Reply