Uttarakhand DIPR Advertisement
Advertisement

800 करोड़ के ड्रेनेज प्लान को मंजूरी पर सीएम धामी का आभार जताने देहरादून पहुंचे महापौर दीपक बाली, मुलाकात कर तीन बड़ी परियोजनाओं के शिलान्यास का दिया आमंत्रण

काशीपुर। काशीपुर के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से महापौर दीपक बाली ने गत दिवस देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने काशीपुर शहर के लिए 800 करोड़ के महत्वाकांक्षी ड्रेनेज प्लान को स्वीकृति प्रदान करने पर मुख्यमंत्री जी का हार्दिक आभार व्यक्त किया। महापौर ने कहा कि यह योजना शहर की जलभराव और जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

मुख्यमंत्री से मिलने के बाद महापौर दीपक बाली ने बताया कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री धामी ने उनके द्वारा रखे गए सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और सहमति जताते हुए धन अवमुक्त करने हेतु शासनादेश जारी करने के आदेश दिए है।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान महापौर दीपक बाली ने 49 करोड़ की लागत से प्रस्तावित एकीकृत प्रशासनिक ब्लॉक और 32 करोड़ की लागत से प्रस्तावित गिरीताल झील के सौंदर्याकरण की परियोजनाओं को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान करने के लिए भी मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए उन्होंने दोनों परियोजनाओं की वित्तीय स्वीकृति जल्द जारी करने का अनुरोध किया, ताकि इन योजनाओं पर धरातल पर काम शुरू हो सके।

महापौर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को उक्त तीनों महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का अपने कर-कमलों से शिलान्यास करने के लिए काशीपुर आने का निमंत्रण भी दिया। महापौर दीपक बाली का कहना है कि इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से काशीपुर के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और शहर को आधुनिक स्वरूप देने में मदद मिलेगी।

बैठक के दौरान महापौर ने भू-उपयोग उच्चीकरण शुल्क में कमी किए जाने का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया। उन्होंने बताया कि वर्तमान शुल्क के कारण आम नागरिकों और भवन स्वामियों पर आर्थिक बोझ पड़ता है। इस पर मुख्यमंत्री ने शुल्क कम करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा महापौर ने काशीपुर के मास्टर प्लान को शीघ्र लागू करने की मांग उठाई, ताकि शहर का नियोजित और व्यवस्थित विकास सुनिश्चित किया जा सके।

महापौर दीपक बाली ने काशीपुर बार एसोसिएशन की मांग का समर्थन करते हुए शहर में विशेष एनडीपीएस (NDPS) न्यायालय की स्थापना किए जाने का आग्रह भी मुख्यमंत्री से किया। उन्होंने कहा कि इससे संबंधित मामलों के निस्तारण में सुविधा मिलेगी और न्यायिक व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

महापौर ने मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग के प्रति आभार जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी के कुशल मार्गदर्शन में काशीपुर को विकसित, सुव्यवस्थित और आधुनिक शहर के रूप में स्थापित करना उनका संकल्प है। 800 करोड़ का ड्रेनेज प्लान, एकीकृत प्रशासनिक ब्लॉक और गिरीताल झील के सौंदर्याकरण जैसी परियोजनाएं शहर के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण हैं। इन योजनाओं को शीघ्र वित्तीय स्वीकृति और क्रियान्वयन मिलने से काशीपुर विकास की नई दिशा में आगे बढ़ सकेगा। महापौर दीपक वाली ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री जी ने उक्त सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और धन अवमुक्त करने के संबंध में तत्काल शासनादेश जारी करने के आदेश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *