रुद्रपुर। दिनदहाड़े गांधी पार्क में खड़ी कार का शीशा तोड़ बदमाशों ने 6.50 लाख रुपए पार कर दिए। कार सिडकुल की एक फैक्ट्री की थी। पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ को अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सिडकुल के सेक्टर छह में हेलोस्टिक इंडिया लिमिटेड फैक्ट्री है। मंगलवार दोपहर फैक्ट्री के एकाउंटेंट मनोज जोशी और राहुल रस्तोगी कार संख्या यूके-06-एसी-4649 से कार चालक राम सिंह के साथ इंदिरा चौक स्थित स्टेट बैंक पहुंचे। जहां उन्होंने बैंक से 6.50 लाख रुपए निकाले। इसके बाद वे कार को गांधी पार्क में खड़ी कर बाजार चले गए। उन्होंने नगदी को कार में ही छोड़ दिया। इसी बीच बदमाशों ने कार का शीशा तोड़ नगदी से भरा बैग पार कर लिया। वापस आने पर कार का शीशा टूटा देख उनके होश उड़ गए। नगदी गायब देख तीनों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इससे कई लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना पर सीओ राजीव मोहन, कोतवाल अजय ध्यानी, बाजार चौकी इंचार्ज जसवीर सिंह चौहान पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ राजीव मोहन ने बताया कि बदमाशाें की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर नगदी बरामद कर ली जाएगी। काशीपुर की वारदात का अब तक नहीं हुआ खुलासा
जिले में टप्पेबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है। काशीपुर में टप्पेबाजी का खुलासा भी नहीं हुआ था कि बदमाशों ने मंगलवार को रुद्रपुर में दूसरी घटना को अंजाम दे दिया। बता दें कि आठ दिन पहले 29 सितंबर को काशीपुर में टप्पेबाजों ने टाटा वेंचर कार में बैठे सोना एग्रो सीड्स प्लांट के मुनीम से बाइक सवार दो बदमाशों ने 5.5 लाख रुपए उड़ा लिए थे। वारदात तब की गई जब मुनीम काशीपुर माता मंदिर रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक में प्लांट के खाते से साढ़े पांच लाख रुपए निकालकर कुछ देर के लिए सड़क किनारे रुका था। इस मामले में पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज की जांच की लेकिन खुलासा आज तक नहीं हो सका।

इस्लाम हुसैन
संपादक – कुमाऊँ मिडडे
प्रधान कार्यालय – हुसैन मंजिल, निकट लकडी मंडी चोहरा- जसपुर (उधम सिंह नगर) उत्तराखंड, पिन- 244712
संपर्क – 8279368237, 9412036910
ईमेल – kumaonmidday@gmail.com













Leave a Reply