Advertisement

सेवानिवृत्त हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी को एसपी चमोली व पुलिस बल ने दी भावभीनी विदाई

चार दशक से अधिक की सेवा का सफर

दीर्घ एवं समर्पित सेवाकाल के उपरांत सेवानिवृत्त हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी को एसपी चमोली व पुलिस बल ने दी भावभीनी विदाई।

पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी गिरीश सिंह बिष्ट को पुलिस कार्यालय गोपेश्वर में आयोजित गरिमामयी विदाई समारोह में चमोली पुलिस द्वारा भावभीनी विदाई दी गई।

पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार द्वारा मुख्य अग्निशमन अधिकारी को शॉल, मेमेन्टो, प्रशस्ति पत्र एवं उपहार भेंट कर उनके स्वस्थ, सुखद एवं खुशहाल सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं दी गईं। एसपी चमोली ने उनके 40 वर्षों से अधिक के समर्पित सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित एवं व्यवहार कुशल व्यक्तित्व से विभाग में अपनी अलग पहचान बनाई है, और भविष्य में यदि पुलिस विभाग से संबंधित किसी भी प्रकार की आवश्यकता या समस्या हो, तो बिना किसी संकोच के साझा करें। विभाग द्वारा उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना एवं समाधान किया जाएगा।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी गिरीश सिंह बिष्ट दिनांक 01 फरवरी 1986 को पुलिस विभाग में फायरमैन के पद पर भर्ती हुए थे। अपने उत्कृष्ट कार्य एवं वरिष्ठता के आधार पर वर्ष 2017 में अग्निशमन द्वितीय अधिकारी तथा वर्ष 2025 में मुख्य अग्निशमन अधिकारी के पद पर पदोन्नत हुए। अपने 40 वर्ष से अधिक के दीर्घ सेवाकाल में उन्होंने नैनीताल, कानपुर, अल्मोड़ा, ऊधमसिंहनगर, चम्पावत एवं चमोली सहित विभिन्न जनपदों में सेवाएं दी।

समारोह के दौरान साथी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा भी मुख्य अग्निशमन अधिकारी को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। अपने विदाई संबोधन में गिरीश सिंह बिष्ट जी भावुक नजर आए। उन्होंने सेवाकाल के दौरान मिले सहयोग, अपनत्व एवं विश्वास के लिए समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

शालीन, मृदुभाषी एवं कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में पहचाने जाने वाले श्री बिष्ट अधिवर्षता आयु पूर्ण कर पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुए उनकी सेवाएं विभाग के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी।

विदाई समारोह के दौरान पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट, प्रतिसार निरीक्षक चमोली आनन्द सिंह रावत, रेडियो निरीक्षक मनीष कन्नौजिया सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *