Advertisement

देहरादून:लगातार तीसरी बार निर्विरोध प्रधान चुने गए तिलक राज, कुश्ती के विकास में निभा रहे अहम भूमिका


देहरादून। परेड ग्राउंड स्थित एक रेस्टोरेंट में रविवार को अखाड़ा शेरान समिति रजिस्टर्ड का वार्षिक चुनाव संपन्न हुआ। चुनाव में समिति के वरिष्ठ सदस्य एवं कुश्ती खेल के समर्पित संरक्षक तिलक राज को सर्वसम्मति से लगातार तीसरी बार निर्विरोध प्रधान चुना गया। उनके पुनः चयन पर समिति के सदस्यों और खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।


अखाड़ा शेरान समिति पिछले लगभग 50 वर्षों से प्रत्येक रविवार को नियमित रूप से कुश्ती दंगल का आयोजन करती आ रही है। उत्तराखंड में भारतीय पारंपरिक खेल कुश्ती को बढ़ावा देने तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित कर नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। समिति द्वारा आयोजित दंगलों की पहचान आज प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के विभिन्न राज्यों तक पहुंच चुकी है।
समिति के सदस्यों ने कहा कि तिलक राज के नेतृत्व में अखाड़ा शेरान समिति ने नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। उनके कुशल मार्गदर्शन, खेलों के प्रति समर्पण और संगठनात्मक क्षमता के चलते कुश्ती को नई पहचान मिली है। यही कारण है कि सदस्यों ने उन पर लगातार तीसरी बार विश्वास जताते हुए निर्विरोध प्रधान चुना है।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान महामंत्री पद पर बृजेश चावला तथा कोषाध्यक्ष पद पर कुशलानंद सेमवाल को मनोनीत किया गया। इस अवसर पर सरदार देवेंद्र सिंह, चंदन सिंह, कमल सिंह, प्रदीप, रिंकू, फकीर चंद, नत्थू सिंह, चंदर सहित समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
नवनिर्वाचित प्रधान तिलक राज ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह समिति के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने तथा युवाओं को कुश्ती एवं खेलों से जोड़ने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *