80 हजार से अधिक का हुआ डिजिटलीकरण
जसपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जसपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सत्यापन एवं गणना प्रपत्रों के डिजिटलीकरण का कार्य तेजी से जारी है। निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं उप जिलाधिकारी राहुल शाह ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में पंजीकृत 1,31,783 मतदाताओं में से 80 हजार से अधिक गणना प्रपत्रों का सत्यापन कर उनका डिजिटलीकरण निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर किया जा चुका है। अपने कार्यालय में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) की बैठक में ईआरओ राहुल शाह ने एसआईआर अभियान की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत प्रत्येक मतदाता तक पहुंचकर प्रपत्र भरवाना, उनका सत्यापन करना तथा समयबद्ध तरीके से जमा कराना एक महत्वपूर्ण कार्य है, जिसमें राजनीतिक दलों और
उनके प्रतिनिधियों का सहयोग अपेक्षित है। बताया घर-घर सत्यापन अभियान के दौरान अब तक 2,656 मतदाता मृत, 3,138 मतदाता स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित तथा 488 मतदाता पहले से अन्य स्थान पर पंजीकृत पाए गए हैं। वहीं 222 मतदाता सत्यापन के दौरान अनुपलब्ध मिले।
ईआरओ ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे पात्र मतदाताओं के गणना प्रपत्र समय से
भरवाने एवं जमा कराने में सहयोग करें, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।
बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं बूथ लेवल एजेंट उपस्थित रहे। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष महुआ डाबरा मनप्रीत लाडी, महामंत्री विशाल कश्यप, कांग्रेस नगर अध्यक्ष मोहम्मद नाजिम, गजेंद्र सिंह चौहान, सलीम अहमद, विमल सागर, हेमचंद जोशी आदि मौजूद रहे।

इस्लाम हुसैन
संपादक – कुमाऊँ मिडडे
प्रधान कार्यालय – हुसैन मंजिल, निकट लकडी मंडी चोहरा- जसपुर (उधम सिंह नगर) उत्तराखंड, पिन- 244712
संपर्क – 8279368237, 9412036910
ईमेल – kumaonmidday@gmail.com












Leave a Reply