Advertisement

सेवा सप्ताह के अंतर्गत जनपद ऊधम सिंह नगर में विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन।


रुद्रपुर, 02 जुलाई, 2026-जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” की भावना के अंतर्गत 04 जुलाई से 10 जुलाई 2026 तक “सेवा सप्ताह” का आयोजन किया जा रहा है। इस अवधि में जनपद में विभिन्न विकासपरक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों का उद्देश्य राज्य सरकार की उपलब्धियों एवं जनहितकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करना है।
जिलाधिकारी ने बताया कि 04 जुलाई को रुद्रपुर स्थित सिटी क्लब में रोजगार, स्वरोजगार एवं कौशल विकास विषयक जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। 05 जुलाई को मनोज सरकार स्टेडियम, रुद्रपुर में मैराथन एवं खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जबकि विकास खण्ड कार्यालय, जसपुर में प्रदेश में पहली बार क्रियान्वित की जा रही नवीन पहलों से संबंधित कार्यक्रम आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि 06 जुलाई को विकास खण्ड मुख्यालय, गदरपुर में आधारभूत संरचना विकास, रेल, सड़क, उड़ान सेवाओं एवं अन्य बृहद अवस्थापना परियोजनाओं पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 07 जुलाई को नगर निगम, काशीपुर में उद्योग एवं लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यमों से संबंधित कार्यक्रम तथा महाराज अग्रसेन ट्रस्ट, सितारगंज में कृषि, उद्यान एवं पशुपालन विषयक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसी क्रम में 08 जुलाई को श्री रामजन्म धर्मशाला, बाजपुर में महिला, युवा एवं सैनिक कल्याण से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं 10 जुलाई को विकास खण्ड मुख्यालय, खटीमा में स्वास्थ्य एवं शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं के अंतर्गत कैंप, उपकरण वितरण, महिलाओं, बालिकाओं एवं दिव्यांगजनों हेतु विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि सेवा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित सभी कार्यक्रम, शिविर एवं जनजागरूकता गतिविधियां संबंधित स्थलों पर प्रातः 11ः00 बजे से आयोजित की जाएंगी। सेवा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित शिविरों में आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ प्रदान किए जाने के साथ-साथ शिकायतों का पंजीकरण एवं त्वरित निस्तारण, स्वास्थ्य परीक्षण, महिलाओं, बालिकाओं एवं दिव्यांगजनों हेतु विशेष सुविधाएं, दिव्यांगजनों को आवश्यक उपकरणों का वितरण, बैंकिंग सेवाओं से संबंधित सहायता, स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी तथा विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा तथा राजस्व विभाग द्वारा लंबित वादों के निस्तारण हेतु समाधान समारोह-विशेष लोक अदालत का आयोजन भी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *