ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल एकेडमी, जसपुर में एस्ट्रो पाठशाला के सहयोग एवं संचालन में “अंतरिक्ष विज्ञान स्पर्धा-2026” का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कक्षा 3 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस अंतरिक्ष विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि जागृत करना, वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना, तार्किक एवं विश्लेषणात्मक सोच को प्रोत्साहित करना तथा समस्या-समाधान क्षमता, टीमवर्क एवं आत्मविश्वास का विकास करना था।
कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन श्री अमित कांबोज, प्रधानाचार्या श्रीमती मधु शर्मा, विद्यालय के एकैडमिक समन्वयक श्री दीपक मारवाह, एस्ट्रो पाठशाला के एकैडमिक हैड श्री शांतनु के. पात्रो, मुख्य तकनीकी अधिकारी श्री रूपिन थापा, एस्ट्रो पाठशाला के विद्यालय समन्वयक श्री नितिन जी, इवेंट प्रमुख सुश्री छाया परिहार, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य तथा प्रतिभागी छात्रों के अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए एस्ट्रो पाठशाला द्वारा विज्ञान एवं अंतरिक्ष शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारपूर्ण प्रयासों की सराहना की।
प्रतियोगिता दो वर्गों- जूनियर (कक्षा 3 से 5) एवं सीनियर (कक्षा 6 से 8) में आयोजित की गई। दोनों वर्गों में छह-छह टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के लिए अभिभावकों को भी आमंत्रित किया गया था, जिससे पूरे कार्यक्रम का वातावरण प्रेरणादायक एवं उत्साहपूर्ण बन गया।
प्रतियोगिता की सबसे बड़ी विशेषता इसका ‘कौन बनेगा करोड़पति (KBC)’ शैली पर आधारित आकर्षक प्रारूप रहा। आधुनिक बज़र प्रणाली, 50-50 लाइफ़लाइन, चित्र एवं वीडियो आधारित प्रश्न, रैपिड फायर राउंड तथा अन्य चुनौतीपूर्ण गतिविधियों ने प्रतियोगिता को अत्यंत रोमांचक बना दिया। प्रत्येक चरण के साथ प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ता गया और पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूँज उठा। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों की अंतरिक्ष विज्ञान, खगोल विज्ञान, सामान्य विज्ञान, तार्किक क्षमता, त्वरित निर्णय लेने की योग्यता, वैज्ञानिक समझ तथा टीमवर्क का प्रभावी मूल्यांकन किया गया। कार्यक्रम के दौरान दर्शकों से भी प्रश्न पूछे गए, जिनमें विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर कार्यक्रम को और अधिक रोचक बना दिया।
कड़े मुकाबले के बाद जूनियर वर्ग (कक्षा 3 से 5) में ‘गैलेक्सी गैंग’ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ‘नेब्युला निंजाज़’ उपविजेता रही, जबकि ‘जायंट जुपिटर्स’ ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं सीनियर वर्ग (कक्षा 6 से 8) में ‘कॉस्मिक चैलेंजर्स’ विजेता बनी, ‘नेबुला रेंजर्स’ ने द्वितीय तथा ‘जायंट जुपिटर्स’ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह में विजेता टीमों को पदक, प्रमाण-पत्र एवं आकर्षक उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों ने अपने उत्कृष्ट ज्ञान, आत्मविश्वास एवं टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ केवल विद्यार्थियों के ज्ञान का मूल्यांकन ही नहीं करतीं, बल्कि उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक एवं विश्लेषणात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता, नवाचार की भावना तथा मंच पर प्रस्तुति का आत्मविश्वास भी विकसित करती हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन एस्ट्रो पाठशाला की टीम द्वारा किया गया। विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्या, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के सहयोग से यह आयोजन अत्यंत सफल, प्रेरणादायक एवं यादगार रहा। उल्लेखनीय है कि यह प्रतियोगिता विद्यालय में संचालित एस्ट्रो पाठशाला पाठ्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों को वर्षभर STEM शिक्षा, अंतरिक्ष विज्ञान, खगोल विज्ञान, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक्स तथा अन्य आधुनिक वैज्ञानिक विषयों का गतिविधि-आधारित एवं अनुभवात्मक शिक्षण प्रदान किया जाता है।
विशेष उल्लेखनीय है कि जसपुर क्षेत्र में अंतरिक्ष विज्ञान पर आधारित केबीसी (KBC) शैली की इस प्रकार की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का यह प्रथम आयोजन था। आधुनिक बज़र प्रणाली, 50-50 लाइफ़लाइन, इंटरैक्टिव राउंड्स एवं गतिविधि-आधारित प्रारूप ने विद्यार्थियों को एक अनूठा एवं रोमांचक शैक्षणिक अनुभव प्रदान किया। यह आयोजन विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की वैज्ञानिक शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।
ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल एकेडमी निरंतर आधुनिक, अनुभवात्मक एवं भविष्य-केंद्रित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। एस्ट्रो पाठशाला के सहयोग से आयोजित “अंतरिक्ष विज्ञान स्पर्धा-2026” ने न केवल विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा को नई पहचान दी, बल्कि विद्यालय को क्षेत्र में नवाचार आधारित शिक्षा के अग्रणी संस्थानों में भी स्थापित किया। विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी ऐसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करते हुए विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय शिक्षण अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प व्यक्त किया।

इस्लाम हुसैन
संपादक – कुमाऊँ मिडडे
प्रधान कार्यालय – हुसैन मंजिल, निकट लकडी मंडी चोहरा- जसपुर (उधम सिंह नगर) उत्तराखंड, पिन- 244712
संपर्क – 8279368237, 9412036910
ईमेल – kumaonmidday@gmail.com













Leave a Reply