Advertisement

जसपुर के पूर्व छात्र विक्रांत सिंह बने पीसीएस अधिकारी, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में हुआ भव्य सम्मान

जसपुर। विद्या भारती द्वारा संचालित श्री रामचंद्र सिंह सरस्वती शिशु विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, जसपुर के पूर्व छात्र विक्रांत सिंह के वर्ष 2026 बैच में पीसीएस (प्रांतीय सिविल सेवा) अधिकारी बनने पर विद्यालय परिसर में उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
विक्रांत सिंह ने वर्ष 2014 में हाईस्कूल तथा 2016 में इंटरमीडिएट की शिक्षा इसी विद्यालय से प्राप्त की थी। अपनी इस उल्लेखनीय सफलता के बाद विद्यालय आगमन पर शिक्षक, विद्यार्थियों एवं प्रबंधन ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य रणधीर सिंह, सत्यप्रकाश सिंह, धीरेंद्र सिंह एवं नोविता ने विक्रांत के छात्र जीवन की प्रेरणादायक स्मृतियों को साझा करते हुए उन्हें एक अनुशासित, मेहनती एवं आदर्श विद्यार्थी बताया।
विद्यालय के प्रबंधक मुनीश जैन एवं प्रधानाचार्य नवीन चंद्र शर्मा ने विक्रांत सिंह को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया। वहीं विद्यालय के छात्र प्रधानमंत्री आदित्य एवं सेनापति वैभव दुबे ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। विद्यालय की छात्राओं ने पारंपरिक रीति से तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया।
अपने संबोधन में विक्रांत सिंह ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने, अनुशासन बनाए रखने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि कठिन मेहनत और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।
प्रधानाचार्य नवीन चंद्र शर्मा ने लगभग दस वर्ष बाद अपने पूर्व छात्र के विद्यालय लौटने और पीसीएस अधिकारी बनने जैसी गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में विक्रांत सिंह ने समस्त आचार्य परिवार को मिष्ठान वितरित किया।
अपने पूर्व छात्र की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष और गौरव का वातावरण रहा। सभी ने विक्रांत सिंह के उज्ज्वल प्रशासनिक भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *