‘स्वरांजलि 3.0’ में ब्राइट स्टार्ट और द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल संयुक्त रूप से प्रथम
संयुक्त विजेता, 12 विद्यालयों ने दिखाया संगीत प्रतिभा का हुनर
जसपुर, 8 अगस्त। विद्यार्थियों की संगीत प्रतिभा को पहचानने, उसे प्रभावी मंच प्रदान करने और नई पीढ़ी को भारतीय संगीत एवं संस्कृति से जोड़ने की दिशा में ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल एकेडमी, जसपुर की अभिनव पहल ‘स्वरांजलि 3.0’ ने क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। एकेडमी परिसर में आयोजित अंतर-विद्यालयी समूह गान प्रतियोगिता में उधम सिंह नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के 12 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सुर, ताल, लय और सामूहिक प्रस्तुति का शानदार प्रदर्शन कर आयोजन को यादगार बना दिया।
कड़े मुकाबले के बाद ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल एकेडमी, जसपुर और द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल, काशीपुर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पर रहे। एमिनिटी पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर ने द्वितीय तथा जेनेसिस इंटरनेशनल स्कूल, जसपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जीडी गोयनका स्कूल, रुद्रपुर चतुर्थ और जीनियस ग्लोबल एकेडमी, बाजपुर पंचम स्थान पर रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ एकेडमी के चेयरमैन अमित कांबोज, भावना कांबोज, साक्षी कांबोज, प्रधानाचार्या मधु शर्मा एवं निर्णायक मंडल के सदस्यों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय के संगीत विभाग के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
12 विद्यालयों ने बिखेरी सुरों की छटा
प्रतियोगिता में जीडी गोयनका स्कूल रुद्रपुर, रूट्स ग्लोबल स्कूल पीरूमदारा, नालंदा रेजिडेंशियल स्कूल किच्छा, एमिनिटी पब्लिक स्कूल रुद्रपुर, ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल एकेडमी जसपुर, रेड रोज कॉन्वेंट स्कूल गदरपुर, जीनियस ग्लोबल एकेडमी बाजपुर, द हेरिटेज सीनियर सेकेंडरी स्कूल काशीपुर, जेनेसिस इंटरनेशनल स्कूल जसपुर, साई पब्लिक स्कूल काशीपुर, कृष्णा पब्लिक कॉलेजिएट काशीपुर तथा द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल काशीपुर की टीमों ने प्रतिभाग किया।
छह सदस्यीय निर्णायक मंडल ने सुर, लय, ताल, गायन की गुणवत्ता, प्रस्तुति, सामूहिक समन्वय, वेशभूषा और संगीत की समझ सहित विभिन्न मानकों पर प्रतिभागी टीमों का मूल्यांकन किया। निर्णायकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास और भारतीय संगीत परंपरा से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया।
‘
स्वरांजलि’ को प्रतिष्ठित मंच बनाने की दिशा में ब्राइट स्टार्ट की पहल
प्रधानाचार्या मधु शर्मा ने कहा कि ‘स्वरांजलि’ महज एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने और उन्हें बड़े मंच पर अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर देने वाली सार्थक पहल है। संगीत विद्यार्थियों के मानसिक, भावनात्मक और रचनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि लगातार तीसरे वर्ष आयोजित यह प्रतियोगिता अब क्षेत्र के विद्यालयों के लिए एक महत्वपूर्ण साझा मंच बनती जा रही है।
उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय प्रबंधन एवं चेयरमैन अमित कांबोज के निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के बहुआयामी विकास के लिए प्रबंधन द्वारा निरंतर नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं और ‘स्वरांजलि’ इसी सोच का परिणाम है।
संगीत शिक्षक हितेश शर्मा की भूमिका रही महत्वपूर्ण
‘स्वरांजलि 3.0’ के सफल आयोजन में विद्यालय के संगीत शिक्षक हितेश शर्मा की भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। विद्यार्थियों की तैयारी, अभ्यास, प्रस्तुतियों के मार्गदर्शन और आयोजन की व्यवस्थाओं में उनके अथक प्रयासों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम का मंच संचालन हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक नौटियाल के साथ कक्षा 11 की छात्राओं कृतिका बोरा एवं जिज्ञासा चौहान ने प्रभावी ढंग से किया।
समापन अवसर पर विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्या, एएचसी दीपक मारवाह, निर्णायक मंडल, शिक्षकगण, सहयोगी कर्मचारियों एवं सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल एकेडमी की इस पहल ने यह संदेश दिया कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं, बल्कि कला, संगीत, संस्कृति और रचनात्मकता के समन्वय से ही विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव है। ‘स्वरांजलि 3.0’ में गूंजे सुरों ने जसपुर को एक बार फिर प्रतिभाओं के भव्य मंच के रूप में पहचान दिलाई।

इस्लाम हुसैन
संपादक – कुमाऊँ मिडडे
प्रधान कार्यालय – हुसैन मंजिल, निकट लकडी मंडी चोहरा- जसपुर (उधम सिंह नगर) उत्तराखंड, पिन- 244712
संपर्क – 8279368237, 9412036910
ईमेल – kumaonmidday@gmail.com













Leave a Reply