हल्द्वानी, 22 सितम्बर 2026
भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, पर्यटन स्थलों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों में हुई विशेष सफाई
सिंगल यूज प्लास्टिक, गुटखा-पान मसाला पैकेट एवं एमएलपी के विरुद्ध चलाया जागरूकता अभियान
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रति नागरिकों को किया जागरूक
*हल्द्वानी शहर में सोमवार को ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम एवं जिला प्रशासन की टीमों द्वारा अधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, पर्यटन स्थलों, बाजार एवं हाट, मोहल्लों, कार्यालयों तथा सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों में विशेष रूप से साफ-सफाई की गई।
अभियान के तहत रेलवे स्टेशन हल्द्वानी, रोडवेज बस एवं टैक्सी स्टैंड, मिनी स्टेडियम व खेल परिसर, सार्वजनिक पार्क, मुख्य बाजार, सड़कों एवं अन्य प्रमुख भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। सफाई कर्मियों द्वारा झाड़ू लगाकर कूड़ा-कचरा एकत्रित किया गया तथा लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा-कचरा नहीं फैलाने तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई।
बाजार एवं हाट क्षेत्रों में स्ट्रीट फूड विक्रेताओं, रेहड़ी-ठेली व्यवसायियों और ग्राहकों* को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। नागरिकों को प्लास्टिक का उपयोग कम करने, कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में ही डालने तथा ‘अपना बैग स्वयं लाएं’ के संदेश के प्रति जागरूक किया गया। दुकानदारों को भी अपने प्रतिष्ठानों के सामने दो डस्टबिन रखने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही *गुटखा, पान मसाला के पैकेट, बहुस्तरीय प्लास्टिक (MLP) और सिगरेट के टुकड़े सार्वजनिक स्थानों पर नहीं फेंकने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। सार्वजनिक स्थलों, दीवारों एवं सड़कों पर लगे लाल एवं पीले धब्बों को समाप्त करने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया। लोगों को स्वच्छता को अपनी आदत में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) नियम, 2026 के संबंध में भी नागरिकों को जागरूक किया गया। लोगों से गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान व निर्धारित समय पर डालने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की गई।
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा अभियान 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत प्रतिदिन विभिन्न थीम पर स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

इस्लाम हुसैन
संपादक – कुमाऊँ मिडडे
प्रधान कार्यालय – हुसैन मंजिल, निकट लकडी मंडी चोहरा- जसपुर (उधम सिंह नगर) उत्तराखंड, पिन- 244712
संपर्क – 8279368237, 9412036910
ईमेल – kumaonmidday@gmail.com












Leave a Reply