कानून व्यवस्था को प्रभावित करने या सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास बर्दाश्त नहीं
सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू की धमकियों की जांच
देहरादून। उत्तराखंड के चारधाम सहित अन्य महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाने की ई-मेल तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही धमकियों के बाद उत्तराखंड सरकार ने सुरक्षा के व्यापक एवं पुख्ता इंतजाम किए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि धमकी देने वालों से सरकार सख्ती के साथ निपटेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को इस तरह की धमकियां देने वालों पर सख्त कार्रवाई की बात कही है। उन्होंने साफ किया है कि कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों को किसी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा।
दरअसल, उत्तराखंड में बीते कुछ समय से विभिन्न सरकारी संस्थानों, नगर निकायों और धार्मिक स्थलों का नाम लेकर भेजे गए धमकी भरे ईमेलों के बाद प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर है।
इस बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले पर पहली विस्तृत प्रतिक्रिया देते हुए साफ कहा है कि सरकार किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरत रही है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि राज्य सरकार को प्राप्त हुई धमकियों को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है। संबंधित एजेंसियों को जांच के निर्देश दे दिए गए हैं और जो भी व्यक्ति या संगठन इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि उत्तराखंड की कानून व्यवस्था को प्रभावित करने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में मसूरी नगर पालिका, हरिद्वार नगर निगम सहित कुछ अन्य संस्थानों को धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए थे। इन ईमेलों में हरिद्वार, ऋषिकेश, केदारनाथ और बदरीनाथ जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों का भी उल्लेख किया गया था। कई ईमेल पंजाबी भाषा में लिखे
गए थे और उनमें कथित तौर पर खालिस्तान समर्थक विचारधारा से जुड़े संदर्भ पाए गए थे। इसी वजह से जांच एजेंसियां इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। धमकी भरे ईमेल सामने आने के बाद पुलिस, खुफिया एजेंसियों, साइबर विशेषज्ञों को सक्रिय कर दिया गया है। संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की गई है। चारधाम यात्रा और हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए है।
अफवाहों पर न दें ध्यानः बीकेटीसी अध्यक्ष
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बुधवार को डीजीपी दीपम सेठ से चारों धामों की सुरक्षा व्यवस्था के बावत चर्चा की। द्विवेदी ने बताया कि श्री बदरीनाथ धाम एवं श्री केदारनाथ धाम में सुरक्षा के पर्याप्त एवं सुदृढ़ प्रबंध किए गए हैं। पुलिस, आईटीबीपी तथा एसडीआरएफ के जवान सतर्क हैं। यात्रा मार्गों सहित मंदिर परिसरों की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों, श्रद्धालुओं एवं यात्रियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों और भ्रामक जानकारियों पर ध्यान न दें।

इस्लाम हुसैन
संपादक – कुमाऊँ मिडडे
प्रधान कार्यालय – हुसैन मंजिल, निकट लकडी मंडी चोहरा- जसपुर (उधम सिंह नगर) उत्तराखंड, पिन- 244712
संपर्क – 8279368237, 9412036910
ईमेल – kumaonmidday@gmail.com















Leave a Reply